1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सुकमा एनकाउंटर: 2 पुलिसकर्मी शहीद, 20 नक्सलियों को मार गिराने का दावा

सुकमा एनकाउंटर: 2 पुलिसकर्मी शहीद, 20 नक्सलियों को मार गिराने का दावा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 18, 2018 11:12 pm IST,  Updated : Feb 18, 2018 11:24 pm IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस ने मुठभेड़ में 20 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है...

Sukma encounter: 2 security personnel and civilian killed, one Naxal shot dead | PTI Photo- India TV Hindi
Sukma encounter: 2 security personnel and civilian killed, one Naxal shot dead | PTI Photo

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस ने दावा किया है कि नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 20 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में पुलिस दल ने मुठभेड़ में कम से कम 20 नक्सलियों को मार गिराया है। उन्होंने बताया कि एर्राबोर थाना क्षेत्र में पुलिस दल को गश्त में रवाना किया गया था। दल जब क्षेत्र में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शु्रू कर दी। बाद में पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। घटना की जानकारी ली जा रही है। वहीं, इस मुठभेड़ में पुलिस के 2 जवान शहीद हो गए हैं तथा 6 अन्य घायल हो गए हैं। दक्षिण बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज भाषा को फोन पर बताया कि भेज्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भेज्जी और एलारमडगु गांव के बीच जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो सहायक आरक्षक मड़कम हांडा और मुकेश कड़ती शहीद हो गए हैं तथा छह अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

सुंदरराज ने बताया कि भेज्जी थाना क्षेत्र में एसटीएफ और डीआरजी के संयुक्त पुलिस दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब भेज्जी और एलारमड़गु गांव के मध्य जंगल में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस और नक्सालियों के मध्य दो घंटे से ज्यादा समय तक गोलीबारी हुई है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को रवाना किया गया तथा शवों और घायल जवानों को बाहर निकाला गया। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रवाना किया गया है। अधिकारी ने बताया कि घायल जवानों में दो एसटीएफ के तथा चार डीआरजी के जवान शामिल है।

पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि एक अन्य घटना में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे वाहनों में आग लगा दी है तथा मुंशी की हत्या कर दी है। सुंदरराज ने बताया कि भेज्जी और एलारमड़गु गांव के मध्य सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। नक्सलियों ने यहां मुंशी अनिल कुमार की हत्या कर दी है तथा वाहनों में आग लगा दी है। पुलिस दल मामले की जांच कर रहा है। घटना की जानकारी ली जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत