1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन भी चिकनगुनिया की चपेट में

केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन भी चिकनगुनिया की चपेट में

 Written By: IANS
 Published : Sep 16, 2016 08:15 am IST,  Updated : Sep 16, 2016 08:15 am IST

केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी जानलेवा चिकनगुनिया बुखार की चपेट में आ गई हैं।

sadhvi- India TV Hindi
sadhvi

हमीरपुर: केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी जानलेवा चिकनगुनिया बुखार की चपेट में आ गई हैं। बुधवार देर रात उन्हें कानपुर की रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर तबीयत में सुधार न होने पर वह दिल्ली चली गईं। साध्वी निरंजन ज्योति पिछले दिनों बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, महोबा सहित कई इलाकों के दौरे पर आई थीं। हमीरपुर में ही उनकी तबीयत खराब हो गई। बावजूद वह अपने आश्रम मूसानगर (कानपुर देहात) चली गईं। बुखार के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई तो उन्हें रीजेंसी कानपुर ले जाया गया, जहां जांच में चिकनगुनिया के लक्षण पाए गए।

केंद्रीय राज्यमंत्री के काफी नजदीकी भाजपा नेता कुलदीप निषाद ने गुरुवार को बताया कि मंत्री साध्वी चिकनगुनिया बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर, तिंदवारी, बांदा, महोबा व हमीरपुर सहित अन्य इलाकों में पार्टी के कार्यक्रम में मंत्री आई थीं। हमीरपुर में तेज बुखार के कारण वह कार्यक्रम से सीधे मूसानगर चली गई थीं, जहां से उन्हें इलाज के लिए रीजेंसी कानपुर ले जाया गया था।

भाजपा नेता व नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप निषाद ने बताया कि खून की जांच में मंत्री को चिकनगुनिया बीमारी पाई गई। उनके मुताबिक, तबीयत में सुधार न होने के कारण साध्वी को कानपुर से दिल्ली ले जाया गया है।

साध्वी का मूसानगर में आश्रम है, जहां वह बचपन में कथा कहती थीं। वह परमानंद स्वामी की शिष्या हैं और साध्वी ऋतंभरा उनकी दीदी हैं।

दिल्ली में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत उन्होंने एक भद्दे नारे से किया था, जिस कारण बाद में पार्टी ने उन्हें चुनाव प्रचार से अलग रखा। वह नारा था 'दिल्ली में सरकार बनेगी रामजादों या हराम..की'।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत