भुवनेश्वर: मशहूर पेंटर, लेखक एवं कला इतिहासकार दीनानाथ पाथी का आज यहां एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 74 वर्ष के थे।
पाथी को सीने में दर्द के बाद यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह ललित कला अकादमी, नयी दिल्ली और भुवनेश्वर के पूर्व सचिव थे और उन्हें ओडिशा में कला आंदोलन का अग्रदूत माना जाता है।
भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित बीके कॉलेज ऑफ आर्ट एंड क्राफ्ट के संस्थापक इस पेंटर ने कला, कविता और शिक्षण के जरिए अपना जीवन दुनिया भर में ओडिया कला को बढ़ावा देने के लिए समर्पित कर दिया।
पाथी को पेंटिंग के लिए प्रेसीडेंट ऑफ इंडिया सिल्वर प्लैक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने 50 से अधिक पुस्तकें भी लिखी हैं। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित अन्य शख्सियतों ने शोक प्रकट किया है।