1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा के 40 गांवों में बाढ़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया हवाई सर्वेक्षण

हरियाणा के 40 गांवों में बाढ़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया हवाई सर्वेक्षण

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jul 30, 2018 07:28 am IST,  Updated : Jul 30, 2018 07:52 am IST

पानी छोड़े जाने के बाद 40 गांवों में बाढ़ का पानी घुसा। यमुना नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

हरियाणा, यमुना, बाढ़- India TV Hindi
हरियाणा के 40 गांवों में बाढ़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया हवाई सर्वेक्षण Image Source : पीटीआई

चंडीगढ़ (हरियाणा): लगातार हो रही बारिश के कारण हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दो जिलों के तीन दर्जन गांवों में बाढ़ आ गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा के लिए अधिकारियों को नुकसान की समीक्षा करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने शनिवार को यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत जिलों में हाई अलर्ट जारी किया था।

हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद 40 गांवों में घुसा पानी

अधिकारियों ने कहा कि हथिनी कुंड बैराज से 600,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुनानगर जिले के 30 गांवों और करनाल जिले के 10 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया। यमुना नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यमुनानगर शहर के बाहरी इलाके में स्थित मंडी गांव के एक निवासी जुबैर खान ने एक समाचार चैनल से कहा, "सरकार से कोई सहायता नहीं मिली है। शनिवार रात अचानक जलस्तर बढ़ने से राशन और घर के सामान बर्बाद हो गए।" खान ने कहा, "मवेशियों के लिए चारा नहीं है। सरकार ने हमें गांव छोड़ने के लिए कहा है, लेकिन हम हमारे मवेशियों की वजह से यहां से नहीं जा सकते।"

भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा बल राहत व बचाव कार्य के लिए अलर्ट

यमुनानगर के उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने कहा कि भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा बल को राहत व बचाव कार्य के लिए अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने कहा कि नदी के बढ़े हुए जलस्तर की वजह से आसपास रहने वालों को वहां से सुरक्षित निकाला गया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है। प्रशासन ने हथिनीकुंड से इस दौरान ज्यादा पानी छोड़ा है। यमुनानगर प्रशासन ने जिला मुख्यालयों और सभी ब्लॉकों में तुरंत कार्रवाई के लिए बाढ़ नियंत्रण कार्यालय की स्थापना की है। राज्य में बाढ़ से फिलहाल किसी के भी मारे जाने की खबर नहीं है।

दिल्ली के इन इलाकों में घुस सकता है यमुना का पानी​, प्रशासन अलर्ट

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज से लगातार यमुना में पानी छोड़ा जा रहा है जिससे दिल्ली के यमुना बाजार, ओखला, बाटला हाउस, सराय काले खां, मदनपुर खादर, राजघाट, गीता कॉलोनी, सोनिया विहार और वजीराबाद के पानी में डूबने का खतरा है। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार को 2 लाख 53 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यमुना शनिवार को ही खतरे के निशान बह रही है, अब ज्यादा पानी आने के बाद यमुना का स्तर और बढ़ जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत