1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तो इस साल भारत नहीं लौटेगा जाकिर नाइक, आरोपों को नकारा

तो इस साल भारत नहीं लौटेगा जाकिर नाइक, आरोपों को नकारा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 15, 2016 08:13 pm IST,  Updated : Jul 15, 2016 08:13 pm IST

अपने भड़काऊ भाषणों का लेकर कई जांचों का सामना कर रहे विवादास्पद इस्लामी प्रचारक जाकिर नाइक ने शुक्रवार को कहा कि इस साल भारत लौटने की उसकी कोई योजना नहीं है।

Zakir Naik
- India TV Hindi
Zakir Naik Image Source : PTI

मुंबई: अपने भड़काऊ भाषणों का लेकर कई जांचों का सामना कर रहे विवादास्पद इस्लामी प्रचारक जाकिर नाइक ने शुक्रवार को कहा कि इस साल भारत लौटने की उसकी कोई योजना नहीं है, उसके बयानों को संदर्भ से परे हटकर पेश किया गया एवं उसने कभी किसी आतंकवादी गतिविधि को प्रेरित नहीं किया। उसने सउदी अरब से स्काइप के जरिए मीडियाकर्मियों से लंबी बातचीत की एवं इस आरोप का खंडन किया कि उसके उपदेशों से आतंकवादी गतिविधि को प्रेरणा मिली जिसमें ढाका हमला भी शामिल है। खुद को शांतिदूत बताते हुए नाइक ने कहा, मासूम लोगों की हत्या करने पर इस्लाम में पाबंदी है और मैं आतंकवादी हमलों की निंदा करता हूं।

उसने कहा कि वह मीडिया ट्रायल का शिकार है और उसके बयानों को संदर्भ से परे हटाकर पेश किया गया है। उसने तीन बार अपने प्रेस मीट रद्द कर दिए और इसके लिए उसने प्रेस के आयोजन स्थलों के मालिकों पर प्रशासन का दबाव होने का हवाला दिया। उसने ढाका नरसंहार के पश्चात मीडिया द्वारा दिखाए गए उसके भाषण के फुटेज पर कहा, भारतीय मीडिया असत्यापित रिपोर्ट की वजह से मेरे खिलाफ ट्रायल चला रही है। मुझे बदनाम करने के लिए आधे वाक्य दिखाए जा रहे हैं, क्लिपों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है और बयानों को संदर्भ से हटकर दिखाया जा रहा है।

नाइक ने कहा, किसी बात पर यकीन करने से पहले पर मेरा उत्तर नहीं लेना और मुझपर संदेह जताना मीडिया के लिए अनैतिकता है। दो हजार ऐसे वाक्य हैं जिनमें मैंने आतंकवाद की निंदा की है..... दस वाक्य ऐसे हो सकते हैं जिनका कोई दोहरा मतलब निकाल सकता है..... वीडियो के साथ निहित स्वार्थ के चलते छेड़छाड़ की जा रही है। जब उससे कहा गया कि उसने अपने एक भाषण में इस्लाम में आत्मघाती बम हमले की इजाजत है, उसने कहा, यदि निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है, तो वह हराम है। पर, यदि इसका युद्ध के तरकीब के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है तो उसकी इजाजत दी जा सकती है। उदाहरण के लिए द्वितीय विश्वयुद्ध में जापान ने युद्ध के तरकीब के तौर पर आत्मघाती बम हमलों का इस्तेमाल किया।

जब नाइक से उसके भाषणों की मुम्बई पुलिस द्वारा जांच के बारे में पूछा गया तो उसने कहा, अबतक किसी भी आधिकारिक सरकारी एजेंसी ने पिछले 8-9 दिनों में अपनी जांच में सहयोग करने के लिए मुझसे संपर्क नहीं किया है। यदि वे ऐसा करेंगी तो मैं उसका स्वागत करूंगा। मुझे पहले भी किसी सरकार या पुलिस से कोई दिक्कत नहीं रही है। मैं किसी भी जांच एजेंसी के साथ सहयोग करने के लिए इच्छुक हूं। नाइक ने कहा, इस्लाम में कुछ लोग हैं जो मौत के बाद जन्नत के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। लोग पैगंबर मोहम्मद से प्रेरणा लेते हैं....... लेकिन उन्होंने कभी नहीं कहा कि निर्दोष लोगों को मारा जाना चाहिए। इसी प्रकार, मैंने कभी नहीं कहा कि निर्दोष इंसानों की हत्या करो।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत