1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 75th Independence Day: देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया

75th Independence Day: देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया

 Edited By: Pankaj Yadav
 Published : Aug 13, 2022 09:41 pm IST,  Updated : Aug 13, 2022 09:41 pm IST

75th Independence Day: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से आग्रह किया है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होकर शनिवार से अपने घरों के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं।

har ghar tiranga campaign- India TV Hindi
har ghar tiranga campaign

75th Independence Day: देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले राष्ट्रीय राजधानी में इमारतें शनिवार को राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों की रोशनी से जगमग करती नजर आईं, जबकि लोगों ने अपने-अपने घरों के ऊपर और वाहनों पर तिरंगा झंडा लगा रखा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से आग्रह किया है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होकर शनिवार से अपने घरों के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “तिरंगा हमारा गौरव, सम्मान, वैभव और जीवन है। आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो रहा है। अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराइए।” 

स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे और महत्वपूर्ण चौराहों पर विभिन्न आकार के राष्ट्रीय ध्वज बेचे जा रहे हैं। दिल्ली के ऑटो रिक्शा चालक भी अपने वाहनों पर तिरंगा लगाकर चल रहे हैं। दिल्ली ऑटो रिक्शा चालक संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, “हम हर साल ऐसा करते हैं लेकिन इस साल देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, इसलिए ऑटो रिक्शा चालकों में एक विशेष प्रकार का उत्साह है। इसलिए अब तक, सामजिक संस्थाओं के माध्यम से पांच हजार से ज्यादा झंडे वितरित किये जा चुके हैं। अगले दो दिन में और झंडे दिए जाएंगे।” 

25 लाख तिरंगा वितरण की योजना

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने स्कूली बच्चों में 25 लाख तिरंगा वितरित करने की योजना बनाई है और लोग देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के हर गली और नुक्कड़ पर देशभक्ति के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के नेताओं ने शहर के कई हिस्सों में ‘तिरंगा मार्च’ आयोजित किये और स्थानीय लोगों को राष्ट्रीय ध्वज बांटे। 

भाजपा नेताओं ने तिरंगा वितरण किया

दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्र के संगम विहार इलाके में चार किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि उनके पूरे निर्वाचन क्षेत्र में 1.75 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटे जाएंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने शक्ति नगर इलाके में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किये। पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र उत्तर पूर्वी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में प्रभात फेरी निकाली और तिरंगा वितरित किया। शाम को उन्होंने यमुना नदी पर सिग्नेचर ब्रिज पर तिरंगा मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व किया। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दक्षिणी दिल्ली में जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मोटरसाइकिल रैली निकाली, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा के साथ शामिल हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत