1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजौरी में आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से आज मिलेंगे अमित शाह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राजौरी में आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से आज मिलेंगे अमित शाह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 Published : Jan 13, 2023 10:23 am IST,  Updated : Jan 13, 2023 10:23 am IST

अमित शाह का आज राजौरी पहुंचने और वहां से सीधा डांगरी गांव जाने का कार्यक्रम है। डांगरी गांव में 2 आतंकवादी हमलों में अल्पसंख्यक समुदाय के दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी और 14 अन्य घायल हुए थे।

amit shah- India TV Hindi
अमित शाह Image Source : PTI

राजौरी/जम्मू: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज राजौरी जिले के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। शाह का दो आतंकवादी हमलों के पीड़ित परिवारों से मिलने का कार्यक्रम है। जिले के डांगरी क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है। वहां सड़कों की मरम्मत की गई है और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री का जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने का भी कार्यक्रम है। विभिन्न सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी इसमें हिस्सा लेंगे।

आतंकी हमले के पीड़ितों के परिजनों से मिलेंगे शाह

डांगरी गांव में 2 आतंकवादी हमलों में अल्पसंख्यक समुदाय के दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। शाह का सुबह राजौरी पहुंचने और वहां से सीधा डांगरी गांव जाने का कार्यक्रम है। वह आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृह सचिव ए.के. भल्ला, सीआरपीएफ के डीजी सुजॉय लाल थाउसेन, जो डीजी बीएसएफ का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, IB के निदेशक तपन डेका, NIA प्रमुख दिनकर गुप्ता और रॉ प्रमुख सामंत गोयल, शाह के साथ होंगे।

rajouri
Image Source : PTIअमित शाह के दौरे के मद्देनजर राजौरी में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

पूरा डांगरी गांव प्रतिबंधित क्षेत्र में तब्दील
अमित शाह के दौरे के मद्देनजर राजौरी जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजार किए गए हैं और पूरे डांगरी गांव को प्रतिबंधित क्षेत्र में तब्दील कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह से दोपहर तक लोगों की सामान्य आवाजाही पर पाबंदियां रहेगी। पुलिस तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के कर्मियों को तैनात किया गया है जबकि भारतीय सेना के जवान ऊपरी इलाकों में तैनात रहेंगे। डांगरी गांव पर बारीक नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस और सीएपीएफ अधिकारियों ने भी गुरुवार शाम क्षेत्र का दौरा किया था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।

स्थानीय राजभवन में यूटी में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के बाद शाह दोपहर में नई दिल्ली लौट आएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत