1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. वक्फ बिल पर आया बाबा बागेश्वर का रिएक्शन, विपक्ष पर बरसते हुए दिया बड़ा बयान

वक्फ बिल पर आया बाबा बागेश्वर का रिएक्शन, विपक्ष पर बरसते हुए दिया बड़ा बयान

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 05, 2025 08:41 pm IST,  Updated : Apr 05, 2025 11:11 pm IST

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने वक्फ संशोधन विधेयक को सनातन धर्म के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने इसे सनातनियों के लिए गर्व की बात करार दिया।

Waqf bill Baba Bageshwar, Bageshwar Dham, Dharmendra Shastri- India TV Hindi
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री। Image Source : INDIA TV

मुंबई: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर ने मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी में एक सभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वक्फ संशोधन विधेयक के संसद में पारित होने को सनातन धर्म के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण करार दिया। बाबा बागेश्वर ने मंच से कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ संसद में 200 से ज्यादा वोट पड़े, लेकिन इसके बावजूद बिल का पास होना सनातनियों के लिए सम्मान की बात है। शास्त्री ने इसे सनातन धर्म को बचाने के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

‘बिल का पास होना सनातनियों के लिए गर्व की बात’

लोगों को संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा, ‘देश का दुर्भाग्य है कि वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ 200 से ज्यादा वोट पड़े। वक्फ बिल का पास होना सनातनियों के लिए गर्व की बात है। यह बिल सनातन को बचाने के लिए पास हुआ है। जब राम मंदिर बनने की बात होती थी तब कई लोग कहते थे कि उस जमीन पर अस्पताल बना दो, स्कूल बना दो लेकिन किसी को आज तक यह कहते नहीं सुना कि वक्फ बोर्ड की जमीन पर अस्पताल या स्कूल बनाओ। हमें तो डर लग रहा था कि जहां पर महाराज जी का मंदिर बन रहा है वहां पर भी वक्फ वाले दावा न कर दें।’

‘औरंगजेब की कब्र को हटाने की स्थिति बन रही’

धीरेंद्र शास्त्री ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा, ‘भीड़ कौरवों के पास थी, लेकिन जीत पांडवों की हुई थी। कुछ लोग कह रहे थे कि वक्फ बिल के खिलाफ बड़ी एकता है और इसके पास होने पर वे सड़कों पर उतर आएंगे। लेकिन हमने कहा कि जीत उनकी होती है, जिनके साथ भगवान कृष्ण होते हैं, और कृष्ण पांडवों के साथ हैं।’ उन्होंने औरंगजेब का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग उसे याद करते थे, लेकिन अब उसका नाम मिटाने का इंतजाम किया जा रहा है। बाबा बागेश्वर ने यह भी दावा किया कि औरंगजेब की कब्र को हटाने की स्थिति बन रही है।

'महाराष्ट्र हिंदू स्वराज के स्थापना की भूमि है'

बाबा बागेश्वर ने महाराष्ट्र से अपने लगाव के बारे में बोलते हुए कहा, 'महाराष्ट्र से हमारा विशेष लगाव है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि है। यह हिंदुत्व की भूमि है। यह क्रांति की भूमि है। यह हिंदू स्वराज के स्थापना की भूमि है। यह वीर शिवाजी की भूमि है। यहां भिवंडी में बागेश्वर धाम का मठ बना जो अपने आप में एक नया संकेत है। हमें भरोसा है कि हम अपने युवाओं को नशे से दूर लाकर सनातन संस्कृति से जोड़ पाएंगे। मुंबई माया नगरी है और यहां पर सनातन का प्रचार कर हम पूरे देश को आकर्षित कर पाएंगे सनातन के प्रति, अपनी संस्कृति के प्रति।'

'हिंदू ग्राम में क्रय-विक्रय नहीं हो रहा'

हिंदू ग्राम को लेकर चल रही चर्चाओं पर बाबा बागेश्वर ने कहा, 'हिंदू ग्राम की हमारी परिकल्पना को लोगों ने गलत तरीके से ले लिया है। दरअसल, हमारी समिति ने जमीन खरीद कर उन लोगों को दिया है जिनके पास घर नहीं है। क्रय विक्रय नहीं हो रहा है यानी कि न कोई खरीद रहा है, न कोई बेच रहा है। यह समिति ने जमीन खरीदी है और लोगों को निशुल्क वहां पर घर बनाने के लिए दे रहे हैं। हमने यह नहीं कहा कि गैर हिंदुओं को जगह नहीं मिलेगी, हमने यह कहा कि गैर सनातनी यानी कि जिसे सनातन धर्म से प्यार नहीं होगा उसे वहां जमीन नहीं मिलेगी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत