कर्नाटक के बेंगलुरु (ग्रामीण) जिले में राम नवमी का प्रसाद खाने के बाद हड़कंप मच गया। प्रसाद खान से लगभग 60 लोग बीमार पड़ गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को लगभग 400 लोगों ने प्रसाद खाया था और उनमें से कई लोगों ने पेट दर्द, उल्टी तथा दस्त जैसे लक्षणों की शिकायत करना शुरू कर दिया। उन्हें रविवार तड़के अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के बाद सभी लोग खतरे से बाहर
बेंगलुरु ग्रामीण जिला के स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) लक्का कृष्णा रेड्डी ने देवनहल्ली में पत्रकारों से कहा, 'रविवार तड़के 60 लोग बीमार पड़ गए। इलाज के बाद सभी खतरे से बाहर हैं।' करीब 46 लोगों को देवनहल्ली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया, जबकि शेष लोगों को एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
प्रसाद का लिया जाएगा सैंपल
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए मंदिर के प्रसाद को फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
फूड पॉइजनिंग का हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों का मानना है कि बड़ी संख्या में जो लोग बीमार हुए हैं, वह फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning) के चलते हो सकता है। बता दें कि फूड पॉइजनिंग , जो दूषित भोजन या पानी के सेवन से होने वाली एक आम लेकिन कभी-कभी जानलेवा बीमारी हो सकती है।