1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. RCB की विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ और मौतों पर CM सिद्धारमैया और DK शिवकुमार का पहला बयान, जानें क्या बोले

RCB की विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ और मौतों पर CM सिद्धारमैया और DK शिवकुमार का पहला बयान, जानें क्या बोले

 Published : Jun 04, 2025 06:57 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 10:14 pm IST

RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हैं।

RCB victory parade bengaluru stampede dk shivkumar siddaramaiah- India TV Hindi
बेंगलुरू में भगदड़ पर सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का बयान। Image Source : PTI

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगलवार को IPL-2025 के फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीत ली है। इसके बाद बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB की इस जीत के जश्न का आयोजन किया गया था। हालांकि, स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के जुटने के बाद अफरातफरी या भगदड़ जैसी स्थिति मच गई। इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई है और बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने सरकार पर अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं। वहीं, अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी इस घटना को लेकर पहला बयान जारी किया है।

अब तक कितने लोगों की मौत?

RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। इस हादसे में करीब 33 लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और वहां उनका इलाज किया जा रहा है।

क्या बोले सीएम सिद्धारमैया?

बेंगलुरु में भगदड़ की घटना पर कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा- "यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 घायल हो गए हैं। बेंगलुरु में आरसीबी के जश्न के लिए हमारी उम्मीद से कहीं ज़्यादा लोग इकट्ठा हुए थे।सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी। चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 2-3 लाख से अधिक लोग आए, किसी को भी इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। भाजपा राजनीति कर रही है, मैं राजनीति नहीं करना चाहता। मैं घटना का बचाव नहीं करना चाहता। मजिस्ट्रेट जांच के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। स्टेडियम में छोटा गेट है, बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए; उन्होंने इसे तोड़ दिया जिससे भगदड़ मच गई। कर्नाटक सरकार की जिम्मेदारी सुरक्षा मुहैया कराना थी, बाकी क्रिकेट एसोसिएशन को संभालना था।

सिद्धारमैया ने दिया महाकुंभ का हवाला

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा- "मुझे जो जानकरी मिली है जो मुझे पता चला है उसके मुताबिक वहां पर ऐसा (गम्भीर घटना) कुछ नहीं हुआ है। जहां तक भगदड़ की बात है ये पहली बार नहीं है, कई बार कई जगह पहले भी भगदड़ की वारदातें हुईं हैं। मैं इसको डिफेंड करने के लिए ऐसा नहीं कह रहा हूँ। कुम्भ मेले में भगदड़ हुई उसके नाम पर इसको डिफेंड कर सकता हूँ क्या? वहां 55-60 लोग मर गए लेकिन मैंने उस वक्त कोई टिप्पणी नहीं की, न मैंने ना मेरी सरकार ने, उस वक्त कोई टिप्पणी नहीं की। पार्टी ने क्या बोला मैं उस पर कुछ नहीं कहना चाहता हूँ।"

अव्यवस्था पर क्या बोले शिवकुमार?

बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी के जश्न के दौरान हुई अव्यवस्था पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा- "ये जोश से भरे युवाओं की भीड़ थी। इस कारण हम लाठी का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे। भीड़ बेकाबू थी, पुलिस को परेशानी हो रही थी, इसलिए हमें जुलूस रोकना पड़ा।भगदड़ के दौरान हुई मौतों को लेकर शिवकुमार ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर वह इस बारे में सूचित करेंगे।

विपक्ष के आरोपों पर क्या  बोले शिवकुमार?

बेंगलुरु में भगदड़ जैसी स्थिति पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा- "मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की और मैं अस्पताल जा रहा हूं। अभी तक पीड़ितो की संख्या के बारे में हमें जानकारी नहीं है। हम सभी से शांत रहने का निवेदन करते हैं। हमने अपने कई कार्यक्रमों में कटौती की है।" भाजपा के आरोपों पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "वे वहां आरोप लगाने के लिए हैं और हम वहां सुरक्षा के लिए हैं। मैं अस्पताल जा रहा हूं।"

भाजपा ने सरकार पर क्या आरोप लगाया?

RCB की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु में मची भगदड़ पर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा- "राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब ​​पूरा देश और कर्नाटक RCB की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई। राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी। इसका नतीजा यह हुआ कि 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई। कुछ लोग ICU में हैं। मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी। मुख्यमंत्री को मामले को न्यायिक जांच के लिए भेजना चाहिए।"

ये भी पढ़ें- RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, 11 लोगों की मौत, 50 से अधिक लोग घायल

कोलकाता से हटाकर अहमदाबाद में क्यों कराया गया आईपीएल का फाइनल, बीसीसीआई ने बताई ये वजह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत