रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद बुधवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जश्न मनाने के लिए समारोह का आयोजन किया गया था। हालांकि, समारोह के बजाय ये दिन हादसे की भेंट चढ़ गया। बड़ी संख्या में भीड़ जुटने के कारण बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 33 लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन के ऊपर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। अब इस भगदड़ के मामले में पुलिस सूत्रों की ओर से बड़ा खुलासा किया गया है।
बेंगलुरु पुलिस ने क्या मांग की थी?
पुलिस सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को समारोह के आयोजन के लिए सुरक्षा के बंदोबस्त को लेकर बेंगलुरु पुलिस ने असमर्थता जाहिर की थी। RCB की रिक्वेस्ट पर गलुरु पुलिस ने कहा था कि इतने बड़े आयोजन की तैयारी के लिए कम से कम दो दिन चाहिए अगर ये आयोजन रविवार को किया जाए तो ज्यादा बेहतर होगा।
RCB मैनेजमेंट ने क्या कहा?
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस द्वारा तैयारी के लिए समय की मांग पर RCB मैनेजमेंट की ओर से कहा गया कि फैंस को ज्यादा इंतजार करवाना ठीक नहीं रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, RCB मैनेजमेंट विधानसभा से लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम तक ओपन बस में विक्ट्री परेड का भी आयोजन करना चाहता था लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी।
सरकार की ओर से भी दबाव की खबर
पुलिस सूत्रों की ओर से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक, RCB फ्रेंचाइज के अप्रोच के बाद सरकार की ओर से खास तौर पर DCM की ओर से पुलिस पर दबाव पड़ा था। इसके बाद कुछ ही घण्टों की तैयारी के साथ पहले विधानसभा में RCB के खिलाडियों के सम्मान और फिर चिन्ना स्वामी स्टेडियम में फैंस ग्रीटिंग का कार्यक्रम फिक्स कर दिया गया।
RCB ने किया आर्थिक मदद का ऐलान
इस हादसे के बाद RCB ने 11 मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही RCB केयर्स कोष का भी ऐलान किया गया है। इसके जरिए हादसे में घायल लोगों की मदद की जाएगी। कर्नाटक सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों का मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है। इसके साथ ही घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- Bengaluru Stampede: भगदड़ में मर रहे थे लोग, मंत्री के बेटे को VIP ट्रीटमेंट देने में जुटा रहा प्रशासन