1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चारधाम की यात्रा 30 अप्रैल से होगी शुरू, 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

चारधाम की यात्रा 30 अप्रैल से होगी शुरू, 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 09, 2025 06:26 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 06:26 pm IST

चारधाम की यात्रा 30 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बीच 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है।

Chardham Yatra will start from April 30 more than 15 lakh devotees have registered- India TV Hindi
चारधाम की यात्रा के लिए 15 लाख से अधिक लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन Image Source : PTI

इस महीने के अंत से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है जिसके लिए अब तक 15 लाख से अधिक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। उत्तराखंड के पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने यहां बताया कि विभाग ने चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं जिसके तहत गत 20 मार्च से तीर्थयात्रियों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस बार यात्रा के लिए पंजीकरण को आधार कार्ड से जोड़ा गया है और ‘फेशियल रिकॉग्निशन’ के जरिए ‘ऑन स्पॉट’ (मौके पर) पंजीकरण की व्यवस्था की गयी है। 

15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

कुर्वे ने बताया कि अब तक 15 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो यात्री ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं, उनके लिए ‘ऑन स्पॉट’ पंजीकरण की सुविधा दी गई है और यह पंजीकरण भी आधार से जुड़े ‘फेशियल रिकॉग्निशन’ तकनीक के ज़रिए होगा। पर्यटन सचिव ने बताया कि ‘ऑन स्पॉट’ पंजीकरण विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए है जो विभिन्न बस एसोसिएशनों के माध्यम से यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बसों से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण उन होटल या धर्मशालाओं में ही कर दिया जाएगा जहां वे ठहरेंगे। 

हेलीकॉप्टर सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू

कुर्वे ने कहा कि इसके लिए उन्हें पंजीकरण काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस प्रक्रिया के संचालन के लिए हरिद्वार में 15 और ऋषिकेश में 25 मोबाइल आधारित पंजीकरण टीमें नियुक्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि होटल एसोसिएशन और तीर्थ पुरोहितों के साथ बैठक कर उनके सुझावों को अमल में लाया गया है। हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और मई माह के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गयी है। कुर्वे ने बताया कि सभी टिकट बुकिंग पहचानपत्र के आधार पर की गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों से फोन पर संपर्क कर यह पूछा जा रहा है कि उनकी टिकट किस माध्यम से बुक हुई है और कितनी राशि ली गई है।

30 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा

सचिव ने बताया कि अब तक करीब 2300 यात्रियों को कॉल की जा चुकी है जिनमें से 1600 से बात हो चुकी है और अधिकतर यात्रियों ने हेलीकॉप्टर का टिकट स्वयं बुक कराने की जानकारी दी है। तीस अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ के कपाट दो मई को जबकि चमोली जिले में बदरीनाथ के कपाट चार मई को खुलेंगे। इस बार राज्य सरकार ने ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ 40 फीसदी ‘ऑन स्पॉट’ पंजीकरण का निर्णय भी लिया है जिससे इंटरनेट का उपयोग नहीं कर पाने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं उठानी पड़े।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत