सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई में वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर फटने से 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 22 लोग घायल भी हैं। इस घटना को लेकर उद्योगपति अनिल अग्रवाल का बयान सामने आया है और उन्होंने इस घटना पर दुख जताया है।
Related Stories
उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने क्या कहा?
उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने कहा, "छत्तीसगढ़ के सिंहितराई संयंत्र में हुई दुखद दुर्घटना से मैं अत्यंत व्यथित हूं। इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोग मेरे परिवार के सदस्य हैं। आपके आंसू मेरे हैं। आपका दर्द मेरा है। हम हर तरह से आपके साथ हैं। पूरी जांच चल रही है। सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। हम हर संभव प्रयास करेंगे।"
कौन हैं अनिल अग्रवाल?
अनिल अग्रवाल की गिनती देश के प्रमुख अरबपति उद्योगपतियों में होती है। वह वेदांता रिसोर्सेज लिमिटेड के संस्थापक और चेयरमैन हैं। यह माइनिंग, मेटल्स, ऑयल एंड गैस, पावर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में काम करती है। अनिल अग्रवाल का जन्म बिहार की राजधानी पटना में हुआ।
उन्होंने अपने करियर में बहुत संघर्ष किया और मुंबई जाकर कबाड़ (स्क्रैप मेटल) के व्यापार से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने वेदांता ग्रुप की नींव रखी। इसका कारोबार कई देशों में फैला है। उन्हें मेटल किंग के नाम से भी जाना जाता है।
बता दें कि बॉयलर फटने से श्रमिकों की मौत का ये मामला पहली बार नहीं हुआ है। देश में पहले भी बॉयलर फटने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें कई श्रमिकों ने जान गंवाई है और कई गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े नियमों को बनाया जाना चाहिए, जिससे हादसों में कमी आए और लोगों की जान बच सके।
देखना ये होगा कि छत्तीसगढ़ की घटना की जांच के बाद क्या सामने आता है।