सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई में बड़ा हादसा हो गया है। यहां वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर फटने से 11 लोगों की मौत की खबर है। घटना में 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
Related Stories
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद रायगढ़ स्थित जिंदल फोर्टिस अस्पताल में अब तक 21 लोगों को लाया गया है। वहीं कुछ लोगों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
एसपी का सामने आया बयान
जिले के एसपी प्रफुल ठाकुर ने बताया कि घटना में घायलों को रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि पहले भी देश में बॉयलर फटने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कई श्रमिक अब तक अपनी जान गंवा चुके हैं। इस तरीके की घटनाओं को रोका जा सके, इसके लिए जरूरी है कि इस दिशा में काम किया जाए और कुछ प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
गाजियाबाद में भी फट चुका है बॉयलर
एक साल पहले (मार्च 2025) यूपी के गाजियाबाद में भी एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 3 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। बॉयलर फटने की ये घटना गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना इलाके में हुई थी। हादसा पेपर मिल में हुआ था, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि मजदूर जब काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया था। धमाका इतनी तेज था कि मजदूर कई फीट दूर जाकर गिरे थे। मजदूरों के शव भी क्षत-विक्षत हो गए थे।
गाजियाबाद के तत्कालीन पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया था- "मृतकों की पहचान योगेंद्र, अनुज और अवधेश के रूप में हुई है। फैक्टरी मालिक अवनीश मोदीनगर में रहते हैं। फैक्ट्ररी में लेमिनेशन पेपर बनाया जाता है। मृतक मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंच गये हैं।" (रिपोर्ट- सक्ती से सिकंदर खान)