1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. खेलते-खेलते गले में अटक गया चिप्स पैकेट से निकला खिलौना, 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

खेलते-खेलते गले में अटक गया चिप्स पैकेट से निकला खिलौना, 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 19, 2025 08:47 pm IST,  Updated : Nov 19, 2025 08:55 pm IST

ओडिशा में एक बच्चे की मौत गले में खिलौना फंसने के कारण हो गई। बच्चे के परिजनों ने उसे चीजी दिलाई थी। जिसमें से एक छोटा था खिलौना निकला था।

मृतक बच्चे की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक बच्चे की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

ओड़िशा के कंधमाल ज़िले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मात्र चार साल के एक मासूम बच्चे की जान एक छोटे से प्लास्टिक खिलौने ने ले ली। यह हादसा ब्रह्मणिगांव थाना क्षेत्र के शिकारामाहा गांव के पास मुसुमाहा पाड़ा में हुआ। मृत बच्चे का नाम बिगिल प्रधान था, जो रंजीत प्रधान का बेटा था। रोज की तरह बिगिल के पिता ने अपने बच्चे के लिए एक चिप्स का पैकेट लाया था। उस पैकेट के अंदर एक छोटी प्लास्टिक की टॉय गन भी थी, जैसा कि कई बार बच्चों के लिए पैकेट में खिलौने मिल जाते हैं।

खेलने के दौरान निगल गया खिलौना

बिगिल उस छोटे खिलौने से खेल रहा था। खेल-खेल में ही उसने गलती से वह खिलौना निगल लिया। यह टॉय गन उसके गले में फंस गई और उसे सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ती देख उसके माता-पिता ने खुद ही खिलौना निकालने की कोशिश की, लेकिन खिलौना गले में गहराई तक फंस जाने के कारण वे उसे निकाल नहीं पाए। बिगिल की सांसें तेजी से कम होने लगीं।

परिवार बच्चे को तुरंत लगभग 30 किमी दूर दारिंगबाड़ी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले गया। रास्ते में उसकी हालत और खराब होती चली गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

गले में फंस गया था खिलौना

बच्चे की एयरवे पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी। प्लास्टिक का खिलौना गले में फंसने के कारण सांस रुक गई और इसी वजह से बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में गहरा मातम छा गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लोग अब ऐसे छोटे प्लास्टिक खिलौनों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं, जो बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। 

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत