1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लोकसभा में उठा दिल्ली AIIMS पर साइबर अटैक का मामला, IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने दिया ये जवाब

लोकसभा में उठा दिल्ली AIIMS पर साइबर अटैक का मामला, IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने दिया ये जवाब

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Dec 14, 2022 02:45 pm IST,  Updated : Dec 14, 2022 02:59 pm IST

मंत्री ने कहा, ''डाटा सुरक्षा महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए प्रधानमंत्री जी ने नयी और समग्र कानूनी रूपरेखा बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया है। इससे संबंधित दो विधेयक हैं। सदस्य इन पर अपनी राय दें।''

IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव- India TV Hindi
IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव Image Source : RSTV/ANI

दिल्ली AIIMS पर हुए साइबर अटैक मामला लोकसभा में भी उठा। IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि 

साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुआयामी स्तर पर काम चल रहा है और कई कदम भी उठाए गए हैं। लोकसभा में भाजपा सदस्य सुकांत मजूमदार के पूरक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने यह भी बताया कि देश में प्रतिदिन लाखों साइबर हमले होते हैं, लेकिन ज्यादातर हमलों को रोक दिया जाता है। 

बहुत सारे कदम उठाए गए हैं: वैष्णव

उन्होंने कहा, ''देश में साइबर सुरक्षा पर बहुआयामी काम चल रहा है। आज की डिजिटल अर्थव्यवस्था में सरकार से जुड़े तत्वों (स्टेट एक्टर्स) और सरकार से इतर तत्वों (नॉन-स्टेट एक्टर्स) से जिस तरह के खतरे होते हैं, उसे लेकर काम चल रहा है।
बहुत सारे कदम उठाए गए हैं।''

अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर साधा निशाना

मंत्री ने कहा, ''रोजाना लाखों की संख्या में साइबर हमले होते हैं। ज्यादातर हमलों को हम रोकने में सफल होते हैं।’’ वैष्णव ने कहा कि सरकार भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठा रही है और इसमें सुधार भी हो रहा है। उन्होंने विपक्षी सदस्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वो समय गया जब बीएसनएल सिर्फ कुछ लोगों के फायदे का माध्यम था। 

एक अन्य पूरक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा, ''डाटा सुरक्षा महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए प्रधानमंत्री जी ने नयी और समग्र कानूनी रूपरेखा बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया है। इससे संबंधित दो विधेयक हैं। सदस्य इन पर अपनी राय दें।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत