1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' आज आधी रात को तट से टकराएगा, भारी बारिश का अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' आज आधी रात को तट से टकराएगा, भारी बारिश का अलर्ट जारी

 Reported By: T Raghavan
 Published : Dec 09, 2022 02:55 pm IST,  Updated : Dec 09, 2022 02:55 pm IST

बंगाल की खाड़ी से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश के तट की ओर बढ़ रहे इस चक्रवाती तूफान के चलते समुद्र की लहरों में उछाल देखा जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : एपी

Cyclone Mandus: चक्रवाती तूफान मैंडूस आज आधी रात के बाद आंध्रप्रदेश के श्री हरिकोटा और पुडुचेरी के बीच तट से टकराएगा। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज आधी रात के वक्त तट से टकराते समय मैंडूस तूफान की तीव्रता घट जाएगी। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पास महाबलीपुरम में यह तूफान तट से टकराएगा। बंगाल की खाड़ी से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश के तट की ओर बढ़ रहे इस चक्रवाती तूफान के चलते समुद्र की लहरों में उछाल देखा जा रहा है।

हालांकि तट से टकराने से पहले ही इस तूफान ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पुडुचेरी के पिल्लईचावडी इलाके में एक मछुआरे का मकान समुद्र की लहरों की भेंट चढ़ गया है। इसी तरह तमिलनाडु के विझीपुरम इलाके में समुद्र तट के बिल्कुल सटकर बने 10 मकानों को नुकसान हुआ है। महाबलीपुरम में समुद्र में हाई टाइड देखी जा रही है। 

इस तूफान के मद्देनजर एहतियात के तौर पर NDRF की 6 कम्पनियों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ की  ये टीमें चेन्नई, महाबलीपुरम, कडलूर, नागपट्टीनम, विझीपुरम और पुडुचेरी में तैनात की गई हैं। इसके अलावा SDRF, अग्निशमन विभाग और पुलिस की एक बड़ी टीम को एहतियातन तैनात किया गया है।

इस चक्रवाती तूफान के तट से टकराने के बाद चेंगलपेट, कांचीपुरम और विझीपुरम में रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि चेन्नई सहित तमिलनाडु के 9 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 16 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।तमिलनाडु 28 जिलों में स्कूल कॉलेज में अवकाश घोषित कर दिया गया है।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमसे स्टालिन चेन्नई से लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत