1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. खेत को जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर लगे थे बिजली के तार, एक किसान और बुजुर्ग महिला चपेट में आए, दोनों की मौत

खेत को जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर लगे थे बिजली के तार, एक किसान और बुजुर्ग महिला चपेट में आए, दोनों की मौत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 19, 2026 01:53 pm IST,  Updated : Jul 19, 2026 01:59 pm IST

ओडिशा के बालासोर में एक किसान और बुजुर्ग महिला की खेत के चारों ओर लगे बिजली के तारों के संपर्क में आने से मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया।

Odisha- India TV Hindi
2 लोगों की मौत Image Source : REPORTER INPUT

बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खेत में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना सिमुलिया थाना क्षेत्र के महिषापांडा गांव में शनिवार को हुई। इस हादसे में एक किसान और उसे बचाने पहुंची एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान बाबुली दास और पारबती मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, बाबुली दास अपने खेत में धान की नर्सरी तैयार कर रहे थे। धान के पौधों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए उन्होंने खेत के चारों ओर बिजली का तार लगाया था। इस तार में बिजली प्रवाहित की जाती थी ताकि कोई जानवर खेत में घुस न सके और फसल को नुकसान न पहुंचे।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बाबुली दास खेत में किसी काम से पहुंचे। इस दौरान वह खेत में लगाए गए बिजली वाले तार की सप्लाई बंद करना भूल गए। जैसे ही वह खेत के अंदर गए, वे बिजली के लाइव वायर के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से वे वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

इसी बीच सड़क किनारे स्थित एक घर में रहने वाली बुजुर्ग महिला पारबती मुंडा की नजर खेत में गिरे बाबुली दास पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बाबुली दास तड़प रहे हैं और उन्हें मदद की जरूरत है। बिना किसी देरी के पारबती मुंडा उन्हें बचाने के लिए खेत की ओर दौड़ पड़ीं।

हालांकि, उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि खेत के चारों ओर लगा तार अभी भी बिजली से जुड़ा हुआ है। जैसे ही वह बाबुली दास तक पहुंचने की कोशिश करने लगीं, उनका भी हाथ बिजली वाले तार से छू गया। इसके बाद उन्हें भी जोरदार करंट लगा और वह भी वहीं गिर पड़ीं। कुछ ही पलों में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में अफरा-तफरी

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस के कर्मचारी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को मौके से बाहर निकाला गया और सिमुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं क्योंकि एक व्यक्ति अपनी फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गया, जबकि दूसरी महिला मानवता के नाते उसे बचाने पहुंची और खुद भी जान गंवा बैठीं।

फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटना असल में किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालही में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मक्के के खेत में करंट आने से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई थी। (रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, हादसे से दहल गया सतारा जिला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत