सुबर्णपुर: ओडिशा के सुबर्णपुर जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके को हिला कर रख दिया है। शादी के तुरंत बाद घर लौट रही एक नवविवाहिता को उसके कथित पूर्व प्रेमी ने बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया। यह घटना तरभा क्षेत्र के पास हुई, जब दूल्हा-दुल्हन शादी की रस्में पूरी कर अपने घर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, रश्मि नाम की युवती ने बलांगीर जिले के बनपाली गांव निवासी रिंकू पटेल से वैदिक रीति रिवाज से शादी की थी। शादी समारोह बौद्ध जिले के कंटामाल क्षेत्र में संपन्न हुआ।
विवाह के बाद दोनों कार से बलांगीर स्थित रिंकू के घर लौट रहे थे। रास्ते में जब उनकी गाड़ी तरभा के पास पहुंची, तभी कुछ युवकों ने अचानक उनकी कार को रोक लिया। सूत्रों के मुताबिक, इन युवकों की अगुवाई रश्मि के पूर्व प्रेमी ने की। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले गाड़ी को घेरा और फिर बंदूक दिखाकर दूल्हे को डराया धमकाया। इसके बाद वे जबरन रश्मि को कार से उतारकर अपने साथ ले गए। पूरी घटना दिन के उजाले में हुई, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना के तुरंत बाद दूल्हे रिंकू पटेल ने नजदीकी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने, उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने और महिला को सुरक्षित बरामद करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें कथित प्रेम प्रसंग का एंगल भी शामिल है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल रश्मि का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पूरी घटना को लेकर तरभा थाना प्रभारी अनीता किडो ने कहा, "21 फरवरी को बलांगीर के हरिबंधु पटेल ने कंटामाल में विवाह किया। आज सुबह लगभग 5 बजे लौटते वक्त तरभा के बड़बंध के पास 1 सफेद कलर की ब्रेजा कार में 3 लोग आए और शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें बंदूक दिखाकर वे दुल्हन का अपहरण करके ले गए। इस बाबत उन्होंने हमारे थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तरभा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नववधू ने सोने और चांदी के गहने भी पहने हुए थे और उसी अवस्था में उसका अपहरण कर लिया गया है।" (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
संपादक की पसंद