Farmer Protest LIVE Updates: पंजाब-हरियाणा सीमा पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच जारी गतिरोध के बीच तीन केंद्रीय मंत्रियों की एक समिति आज चंडीगढ़ में किसान नेताओं से एक फिर वार्ता करेगी। कृषि व किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर यहां शाम पांच बजे किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे। यह दोनों पक्षों के बीच तीसरे चरण की वार्ता होगी। किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च का आज तीसरा दिन है।
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Farmer Protest LIVE: पंजाब में किसानों ने ट्रेनें रोकी, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कही ये बात
Farmer Protest LIVE: पंजाब में किसानों ने ट्रेनें रोकी, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कही ये बात
किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च का आज तीसरा दिन है। प्रदर्शनकारी किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और ऋण माफी पर कानून सहित अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए पंजाब और हरियाणा की शंभू और खनौरी सीमाओं पर दिल्ली की ओर मार्च करने के लिए रुके हुए हैं।
Farmer Protest LIVE Updates
-
2:47 PM (IST) Feb 15, 2024
मनोहर लाल खट्टर ने कही ये बात
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, उनकी हरियाणा से कोई मांग नहीं है केंद्र से मांग है। दिल्ली जाना हर एक का लोकतांत्रिक अधिकार है लेकिन उसका मोटिव ध्यान करना होता है। इस विषय का अनुभव हम देख चुके हैं। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। वे ट्रेन, बसें, या अपने वाहन में जाएं। ट्रैक्टर परिवहन का साधन नहीं है। चर्चा लोकतांत्रिक तरीके से होनी चाहिए ताकि किसी समाधान तक पहुंचा जा सके।
-
1:05 PM (IST) Feb 15, 2024
सिंघू और टिकरी बॉर्डर पर आवाजाही बंद
किसानों के 'दिल्ली चलो' आंदोलन का बृहस्पतिवार को तीसरा दिन है और दिल्ली व हरियाणा के बीच दो प्रमुख सीमाओं पर वाहनों की आवाजाही बंद है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में महत्वपूर्ण स्थानों पर दंगा रोधी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। हरियाणा से लगी दो सीमाएं - टिकरी और सिंघू - बंद हैं जबकि उत्तर प्रदेश से लगी गाजीपुर सीमा पर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में आवाजाही की अनुमति दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को अंबाला के पास पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू बॉर्डर पर रोक दिया है। मध्य दिल्ली में भी पुलिस ने संसद और अन्य संवेदनशील स्थानों की ओर जाने वाली कई सड़कों पर अवरोधक लगा दिए हैं।
-
12:36 PM (IST) Feb 15, 2024
पंजाब में किसानों ने रेल ट्रैक जाम किया
पंजाब के पटियाला में प्रदर्शनकारी किसान राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रेल पटरियों पर बैठे हैं और ट्रेनों को रोक रहे हैं। यहां पर ट्रेनों को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। किसानों पर आंसू गैस छोड़ने के खिलाफ किसान आज शाम चार बजे तक रेल रोकेंगे।
-
11:57 AM (IST) Feb 15, 2024
पंजाब में रेल ट्रैक पर जुटने लगे किसान
पंजाब में रेल ट्रैक पर किसानों का जमावड़ा शुरू हो गया है। शंभू बॉर्डर पर आंसू गैस छोड़े जाने के खिलाफ किसान संगठन दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक रेल ट्रैक पर बैठेंगे और ट्रेनों को रोकेंगे
-
10:35 AM (IST) Feb 15, 2024
जीटी करनाल रोड पर जाम
किसानों के विरोध प्रदर्शन की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में भीषण जाम लग गया है। जीटी करनाल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
-
10:33 AM (IST) Feb 15, 2024
किसानों के भारत बंद का समर्थन करेगी कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव(संचार) जयराम रमेश ने कहा, "किसान संगठनों ने जो भारत बंद का एलान किया है हम उसका समर्थन कर रहे हैं। कल सासाराम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी किसानों के साथ मुलाकात करेंगे। 3 मंत्रियों की नियुक्ति दिखावा है। किसानों पर ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। सड़कों में कीलें लगा दी गई हैं। जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किसानों के खिलाफ किया जा रहा है ये निंदनीय है। किसान देश और समाज की रीढ़ की हड्डी हैं वे अन्नदाता हैं। ये सरकार चंदा दाताओं का सम्मान करती है अन्नदाता का नहीं।
-
10:32 AM (IST) Feb 15, 2024
हम किसी को परेशान नहीं करना चाहतेः पंढेर
सरवन सिंह पंढेर ने कहा हम किसी को परेशान नहीं करना चाहते। हम अपनी मांगे मनवाने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं। हमें दिल्ली जाने दिया जाए। हमारी मांगों पर प्रधानमंत्री मोदी को विचार करना चाहिए।
-
10:28 AM (IST) Feb 15, 2024
किसानों का केंद्र पर हमला
किसान नेता सरवर सिंह पंढेर ने कहा कि हमें रोकने के लिए गलत तरीके अपना रही है सरकार। किसानों को घर से सरकार निकलने नहीं दे रही है। सरकार हमें मणिपुर की तरह कुचना चाहती है। सरकार ने हम पर आंसू गैस छोड़े इसके बावजूद हम बातचीत करने जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि सरकार हमारी मांगों पर विचार करे।
-
9:30 AM (IST) Feb 15, 2024
आज दोपहर 12 बजे से रेल रोकेंगे किसान
पंजाब के सबसे बड़े किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन उग्रहा ने ऐलान किया है कि पंजाब भर में आज दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक रेलवे ट्रैक जाम किए जाएंगे। शंभू बॉर्डर पर आंसू गैस छोड़े जाने से भारतीय किसान यूनियन उग्रहा नाराज है। दिल्ली जा रहे किसानों को रास्ते में रोकने उनके ऊपर आंसू गैस छोड़ने और लाठी चार्ज के विरोध में यह फैसला लिया गया है।
-
8:49 AM (IST) Feb 15, 2024
गाजीपुर बॉर्डर पर जाम लगा
गाजीपुर बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की बैरिकेडिंग की वजह से ट्रैफिक जाम लगना शुरू हो गया है। किसान संगठन दिल्ली में प्रवेश न कर सके ,इसके लिए पुलिस ने तैयारी तो कर रखी है लेकिन इसकी वजह से दिल्ली आने जाने वाले लोगों को भारी समस्या हो रही है। गाजीपुर फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड को सीमेंटेड करके बंद किया गया है। सर्विस रोड पर पैदल आने जाने का भी रास्ता नही दिया गया है। वही अगर फ्लाईओवर की बात करें सभी रोड पर एक एक लेन ही ट्रैफिक के लिए जगह दिया गया है। इस रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के कारण ट्रैफिक जाम लग रहा है।
-
8:47 AM (IST) Feb 15, 2024
किसान संगठन बोले- हमें दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति दी जाए
आज मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक पर पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने गुरुवार सुबह कहा कि हम आज पूरी तरह से सकारात्मक मूड में बैठक में शामिल होने जा रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा। सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि आज हमारी मंत्रियों के साथ बैठक है और हम चाहते हैं कि पीएम मोदी उनसे बातचीत करें ताकि हम अपनी मांगों के समाधान तक पहुंच सकें। दिल्ली में शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
-
8:38 AM (IST) Feb 15, 2024
सिंधु बॉर्डर पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती बढ़ी
किसानों के प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है और आज भी दिल्ली हरियाणा का सिंधु बॉर्डर पुलिस ने सील किया हुआ है। पैदल जाने वालों के लिए पुलिस ने रास्ता छोड़ा हुआ था लेकिन अब उस रास्ते को भी पूरी तरीके से बंद कर दिया है। सिंघु बॉर्डर पर बड़े-बड़े साइन बोर्ड लगे हुए थे। दिल्ली पुलिस ने उन्हें भी गैस कटर के जरिए काटकर हटा दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है कि अगर किसान सिंधु बॉर्डर तक आते हैं और दिल्ली पुलिस को टियर गैस का इस्तेमाल करना पड़े तो आंसू गैस के गोले उन बोर्ड पर टकराकर दिल्ली पुलिस के ऊपर ही ना गिरे। सिंधु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
-
7:36 AM (IST) Feb 15, 2024
छात्रों को मेट्रो से सफर करने की सलाह
किसान आंदोलन के बीच आज से शुरू हो रही है CBSE की दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षा। छात्रों को मेट्रो से परीक्षा केंद्र तक सफर करने की सलाह दी गई है। सर्कुलर जारी कर छात्रों को सुबह 10 बजे से पहले एग्जाम सेंटर पहुंचने को कहा गया है।
-
6:40 AM (IST) Feb 15, 2024
बातचीत होने तक आगे नहीं बढ़ंगे किसान
तीन केंद्रीय मंत्रियों का दल आज किसानों के साथ मीटिंग करेगा। केंद्र ने केंद्रीय मंत्रियों अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय को किसानों के साथ बातचीत करने के लिए अधिकृत किया है। किसान नेताओं ने कहा कि वे बैठक होने तक दिल्ली की ओर बढ़ने का फिर से प्रयास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई केंद्र के प्रस्तावों के आधार पर तय की जाएगी।
-
6:39 AM (IST) Feb 15, 2024
किसानों का दावा- फोन किए जा रहे ‘ट्रैक’
किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव पंधेर ने दावा किया कि उन्हें निशाना बनाया गया और उनके फोन को ‘ट्रैक’ किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पंजाब-हरियाणा सीमा पर तैनात अर्धसैनिक बलों को उन पर आंसू गैस का इस्तेमाल न करने का निर्देश देने की अपील की। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई किसान नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित कर दिए गए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या बुधवार को कोई बैठक हुई, किसान नेता सुरजीत सिंह फूल ने कहा कि किसी मंत्री के साथ कोई बैठक नहीं हुई।