1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहली जीत और बन गईं ओडिशा की डिप्टी CM, जानें कौन हैं प्रभाती परिदा

पहली जीत और बन गईं ओडिशा की डिप्टी CM, जानें कौन हैं प्रभाती परिदा

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 11, 2024 07:54 pm IST,  Updated : Jun 11, 2024 08:39 pm IST

ओडिशा के दो उपमुख्यमंत्रियों में एक महिला हैं, जिनका नाम प्रभाती परिदा है। प्रभाती परिदा पुरी की निमापारा विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं।

पार्वती परीदा बनीं ओडिशा की डिप्टी सीएम- India TV Hindi
पार्वती परीदा बनीं ओडिशा की डिप्टी सीएम Image Source : FILE PHOTO

ओडिशा में 24 सालों के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ है। राज्य में अब बीजेपी सत्ता में है। मोहन चरण माझी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह ही ओडिशा में भी दो उपमुख्यमंत्री होंगे। ओडिशा के दो उपमुख्यमंत्रियों में एक महिला हैं, जिनका नाम प्रभाती परिदा है। इसके अलावा कनक वर्धन सिंह देव राज्य के डिप्टी सीएम होंगे। आइए जानते हैं कि प्रभाती परिदा कौन हैं?

पार्वती परीदा के बारे में

1967 में जन्मी प्रभाती परिदा पुरी की निमापारा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजू जनता दल (BJD) के दिलीप कुमार नायक को 4,588 वोटों से हराया है। 57 वर्षीय प्रभाती परिदा एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने 1995 में उत्कल विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री और 2005 में उसी विश्वविद्यालय से पब्‍ल‍िक एडमिन‍िस्‍ट्रेशन में एमए की डिग्री हासिल की है। उन्होंने उसी वर्ष ओडिशा हाई कोर्ट में एक वकील के रूप में कुछ वक्त तक काम किया। उनका विवाह पूर्व सरकारी कर्मचारी श्याम सुंदर नायक से हुआ है। प्रभाती परिदा के पत‍ि सरकारी अध‍िकारी थे, जो कुछ साल पहले रिटायर हुए। चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रभाती परिदा की कुल संपत्ति 3.6 करोड़ रुपये है। प्रभाती परिदा ने कुल आय 31.8 लाख घोषित की है, जिनमें से 9 लाख रुपये उनकी खुद की कमाई है।

बीजेपी ने जीती 78 सीटें

बता दें कि ओडिशा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने 40.07 फीसदी वोट शेयर के साथ 147 में से 78 सीटें जीतीं। वहीं, बीजेडी को 51 सीटें, कांग्रेस को 14 और अन्य के खाते में 4 सीटें आईं। बीजेपी ने 2019, 2014 और 2009 के ओडिशा विधानसभा चुनावों में 23, 10 और 6 सीटें जीती थीं। इससे पहले 2000 और 2004 के ओडिशा विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले बीजू जनता दल (बीजेडी) के साथ गठबंधन किया था। पार्टी ने 2000 और 2004 के विधानसभा चुनावों में क्रमशः 38 और 32 सीटें जीतीं।

फिर से मैदान में थीं पार्वती

18वीं लोकसभा चुनाव के साथ हुए ओडिशा विधानसभा चुनाव में पुरी जिले में स्थित निमापारा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी ने एक बार फिर प्रभाती परिदा को चुनावी रण में उतारा था। इस बार उनके सामने बीजद के दिलीप कुमार नायक थे। इससे पहले लगातार तीन बार इस सीट से बीजद के समीर रंजन दाश ने जीत दर्ज की है। समीर रंजन दाश ने 2014 और 2019 में प्रभाती परिदा को क्रमशः 29,637 और 32,008 वोटों के अंतर से हराया था।

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत