शिमला: 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए राज्यों में छुट्टियां हो रही हैं। कई राज्यों में पूरे दिन का अवकाश है तो कई राज्यों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं अब हिमाचल प्रदेश में भी 22 जनवरी को पूरे दिन अवकाश रहेगा। छुट्टी का ऐलान करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राम हम सभी के आदर्श हैं।
Related Stories
भगवान राम किसी राजनीतिक दल के नहीं
सीएम सुक्खू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। भगवान राम किसी राजनीतिक दल के नहीं हैं, वह हम सभी के आदर्श हैं। उनके प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी बोली है लेकिन हम प्रदेश पूरे दिन का अवकाश घोषित करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील भी की है कि सभी लोग अपने घरों में शाम को दीये जलाएं।
वहीं इससे पहले शनिवार को दिल्ली में भी आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया था। इसके साथ ही असम, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान की सरकारों ने भी 22 जनवरी को सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी को रहेगी छुट्टी
बता दें कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में 22 जनवरी को छुट्टी घोषित कर दी है। योगी सरकार ने इस दिन सभी सरकारी कार्यालय व स्कूलों में छुट्टी रहने के आदेश दिए हैं। साथ ही सरकार ने रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन प्रदेश में मांस मछली मदिरा की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। योगी सरकार ने अयोध्या आने वाले लोगों के लिए काफी चाक-चौबंद व्यवस्था कराई है। बता दें कि अयोध्या में 20 तारीख से बाहरी लोगों के आवागमन बंद कर दिया गया है।