1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहली मंजिल और लिफ्ट के गेट के बीच फंसने से बच्चे की दर्दनाक मौत, एक महीने के अंदर दूसरा हादसा

पहली मंजिल और लिफ्ट के गेट के बीच फंसने से बच्चे की दर्दनाक मौत, एक महीने के अंदर दूसरा हादसा

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 13, 2025 10:35 pm IST,  Updated : Mar 13, 2025 10:35 pm IST

बच्चे के माता-पिता नेपाल से हैं और उसके पिता चार माह से एक इमारत में चौकीदार के तौर पर काम करते हैं। बच्चा खेलते हुए गलती से लिफ्ट में चला गया।

LIFT- India TV Hindi
लिफ्ट Image Source : FILE

हैदराबाद:  हैदराबाद में एक इमारत की लिफ्ट में कथित रूप से फंस जाने पर साढ़े चार साल के एक बच्चे की मौत हो गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। शहर में एक माह में यह इस प्रकार की दूसरी घटना है। आसिफ नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार रात चार मंजिला इमारत में हुई, जो एक प्राइवेट जेंट्स ‘पीजी हॉस्टल’ है। 

Related Stories

खेलते समय बालक लिफ्ट के अंदर चला गया था बच्चा

अधिकारी के अनुसार बच्चे के माता-पिता नेपाल से हैं और उसके पिता चार माह से एक इमारत में चौकीदार के तौर पर काम कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को उसकी मां और कुछ स्थानीय लोगों ने बच्चे को लिफ्ट में फंसा हुआ पाया। इस घटना की सूचना मिलने पर एक पुलिस दल मौके पर पहुंचा। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खेलते समय बालक लिफ्ट के अंदर चला गया तथा उसी समय किसी ने बटन दबा दिया । ऐसे में जब लिफ्ट उठने लगी तो यह बच्चा पहली मंजिल और लिफ्ट के गेट के बीच फंस गया तथा दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। 

पिता की शिकायत पर केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकाल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या किसी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ या फिर लिफ्ट में कोई तकनीकी समस्या थी। उन्होंने कहा कि बच्चे के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक फरवरी में एक अपार्टमेंट परिसर में ‘एलीवेटर शाफ्ट’ और दीवार के बीच छह वर्षीय बच्चा फंस गया था और बाद में सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत