1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में बदलने वाला है मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी; ठंड को लेकर भी अलर्ट

मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में बदलने वाला है मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी; ठंड को लेकर भी अलर्ट

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 21, 2025 07:53 am IST,  Updated : Oct 21, 2025 08:00 am IST

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों में आज भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
बारिश का अलर्ट Image Source : ANI

नई दिल्लीः दिवाली के बाद देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दक्षिणी और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप द्वीप समूह सहित दक्षिणी प्रायद्वीप के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज़ हवाओं के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप द्वीपसमूह में बारिश हो सकती है। 

तमिलनाडु और केरल में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि 21 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए तमिलनाडु और केरल के कोयंबटूर, नीलगिरी, इरोड, तिरुप्पुर, थेनी और तेनकासी जिलों के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। चेन्नई और उसके पड़ोसी जिलों के लिए, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि 21 से 23 अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश और विदर्भ में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं, 21 से 24 अक्टूबर के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में बिजली गिरने के साथ तूफ़ान की संभावना है।  21 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश की संभावना है।

ओडिशा में होगी झमाझम बारिश

आईएमडी, भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि ओडिशा में अगले 48 घंटों में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। लोगों को संभावित बिजली गिरने और तेज़ हवाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।  

उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड!

जानकारी के अनुसार, दिवाली बीतने के बाद अब दिल्ली समेत उत्तर भारत में धीरे-धीरे ठंड बढ़ेगी। देश के अन्य हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर भारत में भी देखने को मिल सकता है। इसकी वजह से अगले सप्ताह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत