1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंद्राणी मुखर्जी का दावा- गुवाहाटी हवाई अड्डे पर दिखी शीना बोरा जैसी महिला, फुटेज की अदालत से गुहार

इंद्राणी मुखर्जी का दावा- गुवाहाटी हवाई अड्डे पर दिखी शीना बोरा जैसी महिला, फुटेज की अदालत से गुहार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2023 11:09 pm IST,  Updated : Jan 06, 2023 11:52 pm IST

इंद्राणी मुखर्जी ने याचिका के साथ उन वकीलों का हलफनामा संलग्न किया है, जिन्होंने दावा किया था कि उन्होंने बृहस्पतिवार की सुबह बोरा जैसी महिला को हवाई अड्डे पर देखा था।

इंद्राणी मुखर्जी- India TV Hindi
इंद्राणी मुखर्जी Image Source : फाइल फोटो

मुंबई: अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या की मुख्य आरोपी और पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी ने सीबीआई की विशेष अदालत में शुक्रवार को दावा किया कि दो वकीलों ने इस सप्ताह बोरा जैसी महिला को गुवाहाटी हवाईअड्डे पर देखा था। इसके साथ ही मुखर्जी ने हवाई अड्डे का सीसीटीवी फुटेज हासिल करने का अदालत से अनुरोध किया। मुखर्जी (51) ने एक याचिका दायर करके अदालत से हवाई अड्डे का फुटेज हासिल करने का अनुरोध किया है।

इंद्राणी मुखर्जी ने याचिका के साथ उन वकीलों का हलफनामा संलग्न किया है, जिन्होंने दावा किया था कि उन्होंने बृहस्पतिवार की सुबह बोरा जैसी महिला को हवाई अड्डे पर देखा था। मुखर्जी फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं। अदालत ने सीबीआई को मुखर्जी की याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। 

सीबीआई के मुताबिक, अप्रैल 2012 में मुखर्जी, उसके तत्कालीन ड्राइवर श्यामवर राय और पूर्व पति संजीव खन्ना ने चलती कार में कथित रूप से बोरा (24) की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसका शव पड़ोसी रायगढ़ जिले के एक जंगल में कथित तौर पर जला दिया गया था। बोरा पिछले रिश्ते से मुखर्जी की बेटी थी।

ड्राइवर श्यामवर राय को एक अन्य मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद 2015 में कथित हत्या का मामला सामने आया था। कथित तौर पर साजिश का हिस्सा होने के मामले में इंद्राणी मुखर्जी के पति एवं पूर्व मीडिया बैरन पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया गया था। फरवरी 2020 में बम्बई उच्च न्यायालय ने पीटर मुखर्जी को जमानत दे दी थी, जबकि इंद्राणी मुखर्जी को शीर्ष अदालत से पिछले साल मई में राहत मिली थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत