1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ईरान-इजरायल जंग के बीच भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन सिंधु', भारतीय छात्रों को लेकर निकला विमान

ईरान-इजरायल जंग के बीच भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन सिंधु', भारतीय छात्रों को लेकर निकला विमान

 Reported By: Vijai Laxmi, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 18, 2025 05:38 pm IST,  Updated : Jun 18, 2025 11:53 pm IST

ईरान-इजरायल जंग के बीच ईरान से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू किया गया है। ऑपरेशन के तहत शुरुआत में भारतीय छात्रों को विमान के जरिए वापस लाया जा रहा है।

Indian students took off amidst the Iran-Israel war- India TV Hindi
ईरान-इजरायल जंग के बीच भारतीय छात्रों को लेकर निकला विमान। Image Source : PTI

ईरान-इजरायल में जारी भीषण जंग के के बीच भारतीय नागरिक बड़ी संख्या में ईरान में फंसे हुए हैं। भारत सरकार और ईरान में भारतीय दूतावास लगातार इन्हें सुरक्षित रखने और भारत वापस लाने के लिए कोशिश में लगा हुआ है। अब जंग के बीच इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत सरकार ने ईरान में फंसे भारतीय लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय दूतावास ने उत्तरी ईरान से 110 भारतीय छात्रों को निकाला है। इन छात्रों को सड़क मार्ग से अर्मेनिया की राजधानी येरेवन पहुंचाया गया है। अब इन छात्रों को विशेष उड़ान से भारत लाया जा रहा है। 

भारत कब पहुंचेंगे छात्र?

भारतीय छात्रों को लेकर विमान आर्मेनिया से रवाना हो चुका है। इन सभी छात्रों को ईरान से रेस्क्यू कर आर्मेनिया लाया गया था। माना जा रहा है कि छात्रों को लेकर विमान 19 जून को सुबह भारत आ जाएगा। भारत सरकार ने इस इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए ईरान और अर्मेनिया की सरकारों का आभार व्यक्त किया है।

कश्मीरी छात्रों ने रेस्क्यू करने के लिए पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर का आभार जताया है। छात्रों को लेकर विमान अर्मेनिया की राजधानी येरेवन से टेक ऑफ कर चुका है। ईरान से भारतीय नागरिकों को निकालने वाली ये पहली फ्लाइट है। येरेवन से आने वाली फ्लाइट के सुबह 2 बजे दिल्ली में उतरने की उम्मीद है।

ईरान के अधिकारी ने क्या बताया?

ईरान और इजरायल की जंग के बीच भारतीयों को निकालने पर, भारत में ईरानी मिशन के उप प्रमुख मोहम्मद जावेद हुसैनी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि "हवाई क्षेत्र को सुरक्षा मुद्दों के कारण बंद किया गया है। हम सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। कुछ छात्रों को तेहरान से दूसरे शहर में स्थानांतरित कर दिया गया है, जो सुरक्षित हैं। क्योंकि तेहरान सैन्य आक्रमण के अधीन है। हमने मध्यस्थता के बारे में बात नहीं की बल्कि हमने भारत सहित अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इन आक्रमणों को रोकने के लिए कहा क्योंकि ये आक्रमण किसी के लिए भी फायदेमंद नहीं हैं।"

ईरान में कितने भारतीय?

ईरान में 10,000 के करीब भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इसमें ज्यादातर लोग तेहरान, मशहद और  बंदर अब्बास जैसी जगहों पर रहते है। ईरान में एक से डेढ़ हजार के करीब भारतीय छात्र हैं। इनमें से कई छात्र जम्मू-कश्मीर से हैं।

इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी

भारत सरकार ने कहा है कि वह विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। सरकार ने ईरान में भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि तेहरान में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन और नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय द्वारा स्थापित 24x7 नियंत्रण कक्ष के माध्यम से संपर्क में रहें।

तेहरान में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:

1. केवल कॉल के लिए: +98 9128109115, +98 9128109109

2. व्हाट्सएप के लिए: +98 901044557, +98 9015993320, +91 8086871709
3. बंदर अब्बास: +98 9177699036
4. ज़ाहेदान: +98 9396356649
5. ईमेल- cons.tehran@mea.gov.in

विदेश मंत्रालय द्वारा स्थापित 24 x 7 कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर:

1. 800118797 (टोल फ्री), +91-11-23012113, +91-11-23014104, +91-11-23017905
2. व्हाट्सएप: +91-9968291988; ईमेल- situationroom@mea.gov.in

ये भी पढ़ें- Israel Iran War: खामेनेई ने ईरान की जनता को किया संबोधित, अमेरिका को दी परिणाम भुगतने की चेतावनी

Mossad के जासूसों को कैसे पहचानें? ईरान ने अपने नागरिकों को किया सतर्क, कही ये बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत