1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'जो हम से बन पड़ा, हमने किया...', प्रतिनिधिमंडल का अमेरिका दौरा समाप्त होने के बाद शशि थरूर ने लिखा भावुक पोस्ट

'जो हम से बन पड़ा, हमने किया...', प्रतिनिधिमंडल का अमेरिका दौरा समाप्त होने के बाद शशि थरूर ने लिखा भावुक पोस्ट

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 09, 2025 07:08 am IST,  Updated : Jun 09, 2025 07:30 am IST

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी दौरे पर गया हुआ था। अब ये दौरा समाप्त हो गया है। इस दौरान थरूर ने पाकिस्तान को आतंक के मुद्दे पर बेनकाब किया है।

शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल- India TV Hindi
शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल Image Source : X/SHASHITHAROOR

शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अमेरिका दौरा समाप्त किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लांडाउ समेत कई राजनयिक एवं राजनीतिक नेताओं से मुलाकात कर पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति को रेखांकित किया।

थरूर ने एक्स पर हिंदी में लिखी ये भावुक पोस्ट

इसके साथ ही रविवार देर रात शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में भावुक पोस्ट लिखी है। इस पर थरूर ने एक कविता के माध्यम से लिखा कि जो हम से बन पड़ा, हमने किया, जो सच था, दुनिया ने जान लिया....' थरूर ने एक्स पर लिखा,

'सौ बार जन्म लेंगे तो सौ बार करेंगे

जी भर के अपने वतन से प्यार करेंगे
जो हम से बन पड़ा, "अ वतन" हमने किया है
जो सच था, सारी दुनिया ने अब जान लिया है'

समस्त सदस्यों की तरफ से मातृभूमि का और देश-विदेश में हिंदुस्तान प्रेमियों का बहुत-बहुत आभार जिन्होंने कान खोल कर सुना और दिल खोल कर स्वीकार किया कि हम अहिंसा प्रेमी हैं मगर तब तक, जब तक कोई ... जय हिंद!

थरूर के नेतृत्व में अमेरिका पहुंचा था प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत की संपर्क पहल के तहत अमेरिका पहुंचा था। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के जवाब में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। 

33 वैश्विक राजधानियों में गया ये प्रतिनिधिमंडल

यह प्रतिनिधिमंडल उन सात सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक था, जिन्हें 33 वैश्विक राजधानियों में भेजा गया था, ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान की आतंकवाद में संलिप्तता के बारे में अवगत कराया जा सके। 

3 जून को पहुंचा वॉशिंगटन

प्रतिनिधिमंडल 3 जून को अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन पहुंचा और तीन दिनों के दौरान ‘कैपिटल हिल’ में अमेरिकी सांसदों, विदेश नीति विशेषज्ञों, विचारक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, मीडिया एवं प्रवासी भारतीय समुदाय से मुलाकात की। 

थरूर ने जेडी वेंस के साथ हुई मुलाकात को बताया- एक्सीलेंट

थरूर ने व्हाइट हाउस में अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस से हुई लगभग 25 मिनट की मुलाकात को 'एक्सीलेंट' बताया। उन्होंने कहा, 'वेंस ने पहलगाम हमले को लेकर आक्रोश और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत की संयमित प्रतिक्रिया के प्रति समर्थन जताया।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत