Wednesday, February 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जमकर जला रहा जून... गर्मी के सितम के बीच कहां अटक गया मानसून? इस महीने 20% कम हुई बारिश

जमकर जला रहा जून... गर्मी के सितम के बीच कहां अटक गया मानसून? इस महीने 20% कम हुई बारिश

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2
Published : Jun 19, 2024 10:23 am IST, Updated : Jun 19, 2024 10:23 am IST

उत्तर भारत के तमाम राज्यों में इस वक्त भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो चुका है। देश के ज्यादातर इलाके लू की चपेट में हैं। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि जून के महीने में सामान्य से कम बारिश होगी।

summer- India TV Hindi
Image Source : PTI देश में गर्मी का सितम

भारत में जानलेवा गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। देश के ज्यादातर इलाके लू की चपेट में हैं। उत्तर भारत को लेकर एक बार फिर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)  ने लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, IMD के अनुसार मानसून की रफ्तार थम गई है। भारत में एक जून से मानसून अवधि की शुरुआत के बाद से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि भारत में एक से 18 जून के बीच 64.5 मिमी बारिश हुई, जो लंबी अवधि के 80.6 मिमी के औसत (एलपीए) से 20 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में मानसून आने की स्थिति बन रही हैं।  

अभी तक ऐसी रही मानसून की चाल

मौसम विभाग ने बताया कि एक जून से अब तक उत्तर-पश्चिम भारत में 10.2 मिमी बारिश (सामान्य से 70 प्रतिशत कम), मध्य भारत में 50.5 मिमी (सामान्य से 31 प्रतिशत कम), दक्षिण प्रायद्वीप में 106.6 मिमी (सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक) तथा पूर्व एवं उत्तर-पूर्व भारत में 146.7 मिमी (सामान्य से 15 प्रतिशत कम) बारिश हुई। दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 मई को निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच गया था। इसके बाद 26 मई को चक्रवात रेमल के साथ ही मानसून दक्षिण के अधिकांश हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के मध्य के कुछ हिस्सों तक पहुंचा था।

केरल में 30 मई को मानसून ने दी थी दस्तक

केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से क्रमशः दो और छह दिन पहले 30 मई को मानसून ने दस्तक दे दी थी। केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सभी हिस्सों, दक्षिणी महाराष्ट्र के अधिकतर क्षेत्रों, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा के कुछ भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अधिकतर हिस्सों, सिक्किम और सभी पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश हिस्सों में 12 जून तक मानसून दस्तक दे चुका था। आईएमडी ने कहा, ‘‘उपरोक्त क्षेत्रों तक पहुंचने के बाद मानसून आगे नहीं बढ़ा...।’’

जून में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना

आईएमडी ने बताया कि देश के 11 मौसम उप-प्रभागों में एक से 18 जून के बीच सामान्य से लेकर बहुत अधिक बारिश हुई है, जबकि 25 उप-प्रभागों में बहुत कम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, देश भर में जून में औसत बारिश सामान्य से कम होने की संभावना है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में कब होगी बारिश? प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग का आया बड़ा अपडेट

मैदानी इलाकों में बरस रही है आग, लू से तप रहीं पहाड़ों की वादियां, आखिर गर्मी से क्यों जल रहा है भारत?

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement