मंड्या: कर्नाटक के मंड्या जिले में स्थित श्रीरंगपट्टना में गुरुवार शाम एक हैरान करने वाली घटना हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी की रहने वाली 19 साल की लड़की पवित्रा ने आत्महत्या करने के इरादे से कावेरी नदी में छलांग लगा दी। नदी की धारा इतनी तेज थी कि पवित्रा की जान का बचना मुश्किल था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पवित्रा नदी के तेज बहाव में करीब 5 किलोमीटर तक बहने के बाद हंगराहल्ली के पास नदी के बीच में एक पेड़ में फंस गई।
Related Stories
पूरी रात पेड़ पर फंसी रही पवित्रा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी रात पवित्रा पेड़ पर फंसी रही और शुक्रवार सुबह चमत्कारिक ढंग से उसकी जान बच गई। दरअसल, शुक्रवार सुबह जब पवित्रा ने नदी के किनारे खड़े लोगों को आवाज दी, तब लोगों ने देखा कि कोई नदी के बीच में फंसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अरकेरे पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एन. विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस और दमकल कर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पवित्रा को सुरक्षित पेड़ से निकाला और उसे श्रीरंगपट्टना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पवित्रा की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की पूरे मामले की जांच
पुलिस ने पवित्रा के माता-पिता को इस घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक, पवित्रा ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इसकी वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जब संयोग सही से काम करते हैं तो बड़े से बड़ा अनिष्ट भी टल जाता है। अगर पवित्रा पेड़ में न फंसती तो नदी की तेज धारा में उसकी जीवनलीला समाप्त होने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। लेकिन पेड़ में फंसने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की वजह से उसकी जान बच गई।