1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Karnataka Hijab Row: कर्नाटक में वॉर्निंग के बावजूद हिजाब पहनकर कॉलेज पहुंची 6 छात्राएं सस्पेंड, 12 वापस भेजी गईं

Karnataka Hijab Row: कर्नाटक में वॉर्निंग के बावजूद हिजाब पहनकर कॉलेज पहुंची 6 छात्राएं सस्पेंड, 12 वापस भेजी गईं

 Published : Jun 02, 2022 10:25 pm IST,  Updated : Jun 02, 2022 10:25 pm IST

हिजाब दिशानिर्देशों का बार-बार उल्लंघन करने पर उप्पिनंगडी गवर्नमेंट प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज की छह छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल ने कॉलेज के प्राध्यापकों के साथ बैठक करने के बाद हिजाब वाली छात्राओं को निलंबित करने का फैसला लिया।

Students- India TV Hindi
Students Image Source : PTI (REPRESENTATIONAL IMAGE)

Highlights

  • उप्पिनंगडी गवर्नमेंट प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज की 6 छात्राएं निलंबित
  • हिजाब पहनकर आईं छात्राओं को कक्षाओं में जाने की अनुमति नहीं
  • अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रहा है कर्नाटक हिजाब विवाद

Karnataka Hijab Row: कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में अधिकारियों ने कई चेतावनियों के बावजूद हिजाब पहनने पर गुरुवार को एक कॉलेज की 6 छात्राओं को निलंबित कर दिया और दूसरे कॉलेज में 12 छात्राओं को कक्षाओं से वापस घर भेज दिया गया। हिजाब दिशानिर्देशों का बार-बार उल्लंघन करने पर उप्पिनंगडी गवर्नमेंट प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज की छह छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है। कॉलेज के प्राचार्य ने कॉलेज के प्राध्यापकों के साथ बैठक करने के बाद हिजाब वाली छात्राओं को निलंबित करने का फैसला लिया।

हिजाब पहनकर आईं छात्राओं को कक्षाओं में जाने की अनुमति नहीं

निलंबित 6 छात्राओं को सरकारी आदेश और कक्षाओं में हिजाब पहनने पर रोक लगाने वाले हाईकोर्ट के फैसले की जानकारी दी गई। दूसरी घटना में, हम्पनाकट्टे के पास मंगलुरु यूनिवर्सिटी कॉलेज के प्रिंसिपल ने हिजाब पहनकर आईं 16 छात्राओं को कक्षाओं में जाने की अनुमति नहीं दी, उन्हें वापस घर भेज दिया। कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि सिंडिकेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। इससे पहले, बुधवार को छात्राएं जिला आयुक्त के कार्यालय गई थीं और हिजाब पहनकर कक्षाओं में प्रवेश नहीं करने देने की शिकायत की थी। आयुक्त ने उन्हें सरकार के नियमों और कोर्ट के आदेश का पालन करने की सलाह दी। हालांकि, छात्राएं नहीं मानीं और गुरुवार को हिजाब पहनकर कॉलेज पहुंच गईं।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रहा है हिजाब विवाद
उडुपी प्री-यूनिवर्सिटी गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज की 6 छात्राओं द्वारा शुरू किया गया हिजाब विवाद राज्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रहा है। इस मामले की सुनवाई के लिए गठित हाईकोर्ट की विशेष पीठ ने कक्षाओं में हिजाब सहित किसी भी धार्मिक प्रतीक को पहनकर कक्षाओं में जाने के खिलाफ फैसला सुनाया था। अदालत ने स्कूलों में हिजाब पहनने की अनुमति मांगने वाली छात्राओं द्वारा दायर याचिका को भी खारिज कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत