1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मंगलुरु में हिन्दू एक्टिविस्ट की बेरहमी से हत्या पर बवाल, 6 मई तक निषेधाज्ञा लागू, भारी पुलिस बल की तैनाती

मंगलुरु में हिन्दू एक्टिविस्ट की बेरहमी से हत्या पर बवाल, 6 मई तक निषेधाज्ञा लागू, भारी पुलिस बल की तैनाती

 Reported By: T Raghavan, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 02, 2025 09:36 am IST,  Updated : May 02, 2025 10:53 am IST

कर्नाटक के मंगलुरू में हिन्दू एक्टिविस्ट सुहास शेट्टी की बेरहमी से हत्या के बाद हंगामा मचा है। जानकारी के मुताबिक, 5-6 लोगों ने बीच सड़क पर घातक हथियारों से सुहस शेट्टी को मार डाला है।

मंगलुरु में हिन्दू एक्टिविस्ट की हत्या।- India TV Hindi
मंगलुरु में हिन्दू एक्टिविस्ट की हत्या। Image Source : INDIA TV

दक्षिण कन्नडा जिले के मंगलुरु शहर में गुरुवार शाम को एक हिन्दू एक्टिविस्ट का मर्डर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान सुहास शेट्टी के रूप में की है। सुहास फाजिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर अपराध के कई दूसरे मामले भी चल रहे थे। फाजिल हिन्दू कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारु की हत्या में मुख्य आरोपी था। प्रवीण की बर्बर हत्या के बाद 28 जुलाई 2022 को सूरतकल में फाजिल की हत्या कर दी गई थी और इस केस में सुहास शेट्टी मुख्य आरोपी था।

कैसे हुई हत्या?

पुलिस की जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम लगभग 8:27 बजे, मंगलुरु सिटी पुलिस के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत किन्नीपदावु क्रॉस के पास हमला और हत्या की घटना की सूचना मिली। उस समय सुहाष शेट्टी,  संजय, प्रज्वल, अन्वित, लतीश और शशांक के साथ वाहन (केए-12-एमबी-3731) में यात्रा कर रहा था, इस वाहन को स्विफ्ट कार और पिकअप वाहन में यात्रा कर रहे हमलावरों के एक समूह ने रोक लिया। 5 से 6 की संख्या में आए हमलावरों ने सुहाष शेट्टी पर घातक हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया उन्हें तुरंत ए.जे. अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने हमलावरों की पहचान की

पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया  है और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। मंगलुरु सिटी पुलिस ने कहा है कि त्वरित न्याय सुनिश्चित करने और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर सम्भव कार्यवाही की जाएगी और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में आगे की जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस ने हमलावरों की पहचान का दावा किया और कहा है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।

6 मई तक मंगलुरु में निषेधाज्ञा लागू

मंगलुरु सुहास शेट्टी मर्डर केस को लेकर 6 मई तक मंगलुरु में निषेधाज्ञा लगा दी गई है। सुहास का आज अंतिम संस्कार होगा जिसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। आस पास के 5 जिलों के SP की स्पेशल पोस्टिंग की गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। KSRP की 22 टुकड़ियों के साथ साथ 1000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। सुहास की अंतिम यात्रा पर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं मिली है, लेकिन कुछ हिन्दू संगठन इसकी मांग कर रहे हैं।

येदियुरप्पा ने की घटना की निंदा

कर्नाटक BJP के सीनियर नेता और पूर्व CM BS येदियुरप्पा ने हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या पर नाराजगी जाहिर की है। येदियुरप्पा ने X पर लिखे पोस्ट में कहा कि इस बर्बर कृत्य ने समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है। ऐसा लगता है कि अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है और इस तरह के जघन्य अपराध राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाते हैं। मैं मांग करता हूं कि राज्य सरकार दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करे। मैं दिवंगत कार्यकर्ता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं एक अन्य हिंदू कार्यकर्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, जिस पर हमले के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें- भारत के खिलाफ अब भी एक्टिव है आतंकवादी हाफिज सईद का नेटवर्क, NIA ने दी जानकारी

'90-99 फीसदी कश्मीरी भारत के प्रति वफादार', जावेद अख्तर ने दिया बयान, बोले- वो हमारे भाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत