1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'मोदी-ट्रंप की जोड़ी बहुत आगे तक का सोचकर काम करती है', भारत आए मार्को रूबियो का बड़ा बयान

'मोदी-ट्रंप की जोड़ी बहुत आगे तक का सोचकर काम करती है', भारत आए मार्को रूबियो का बड़ा बयान

 Published : May 23, 2026 07:29 pm IST,  Updated : May 23, 2026 07:29 pm IST

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत दौरे के दौरान कहा कि मोदी और ट्रंप की जोड़ी लंबे समय तक रणनीतिक सहयोग के साथ काम करेगी। उन्होंने भारत-अमेरिका साझेदारी को बेहद महत्वपूर्ण बताया और इसे और मजबूत करने की बात कही।

Marco Rubio India visit, India US relations, Modi Trump partnership- India TV Hindi
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो। Image Source : ANI

नई दिल्ली: अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत होती नजर आ रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को दिल्ली में इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच साझेदारी और गहरी हो रही है। रूबियो ने अमेरिकी दूतावास के सपोर्ट एनैक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध बहुत अच्छे हैं।

'मोदी और ट्रंप के बीच कनेक्शन साफ देख सकते हैं'

रूबियो ने अपने भाषण में कहा, 'यह एक व्यक्तिगत संबंध है जो ट्रंप की पहली सरकार के समय से चला आ रहा है, जब राष्ट्रपति भारत आए थे। अब दूसरी सरकार में भी यह संबंध जारी है। आप दोनों नेताओं के बीच कनेक्शन साफ देख सकते हैं। दोनों बहुत गंभीर नेता हैं जो सिर्फ छोटी अवधि नहीं, बल्कि लंबे समय तक का सोचकर काम करते हैं।' इस समारोह से पहले रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। यह बैठक एक घंटे से ज्यादा चली। बैठक के दौरान रूबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का आधिकारिक निमंत्रण दिया।

'भारत के साथ संबंध हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण'

मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि उनके और रूबियो के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। रूबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा, 'भारत के साथ हमारा संबंध हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमारे रणनीतिक लक्ष्यों का आधार है। इसी वजह से मैं यहां आया हूं कि संबंधों को दोबारा मजबूत करूं और उन्हें और आगे बढ़ाऊं। आने वाले महीनों में हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए कुछ नई और रोचक घोषणाएं करने वाले हैं।'

शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे मार्को रूबियो

बता दें कि मार्को रूबियो शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। यह उनकी पद संभालने के बाद भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। वे 4 दिन भारत में रहेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत