1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान में तबाही मचाने के बाद क्यूबा पर ट्रंप की नजर, कैरेबियन सागर में पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत

ईरान में तबाही मचाने के बाद क्यूबा पर ट्रंप की नजर, कैरेबियन सागर में पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत

 Published : May 21, 2026 06:37 am IST,  Updated : May 21, 2026 06:37 am IST

अमेरिका और क्यूबा के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस निमिट्ज कैरेबियन सागर पहुंच गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के संकेत दिए हैं। अमेरिकी दक्षिणी कमान ने इसे लोकतंत्र और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण सैन्य तैनाती बताया।

Donald Trump Cuba tension, USS Nimitz Caribbean Sea, US Navy deployment Cuba- India TV Hindi
अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस निमिट्ज कैरेबियन सागर में तैनात हो गया है। Image Source : US NAVY

वॉशिंगटन: अमेरिका और क्यूबा के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी नेवी का विशाल एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस निमिट्ज अपने स्ट्राइक ग्रुप के साथ कैरेबियन सागर में पहुंच गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट 'द हिल' के मुताबिक, यह तैनाती ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है और कार्रवाई की चेतावनी दी है। कैरेबियन और लैटिन अमेरिका में अमेरिकी सैन्य अभियानों की निगरानी करने वाले अमेरिकी दक्षिणी कमान (Southcom) ने बुधवार को इस तैनाती की जानकारी दी।

दक्षिणी कमान ने X पर किया पोस्ट

दक्षिणी कमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 'यूएसएस निमिट्ज ने ताइवान स्ट्रेट से लेकर अरब की खाड़ी तक दुनिया भर में अपनी ताकत साबित की है। यह जहाज स्थिरता बनाए रखने और लोकतंत्र की रक्षा करने में अहम भूमिका निभाता रहा है।' इस स्ट्राइक ग्रुप में निमिट्ज श्रेणी का विमानवाहक युद्धपोत यूएसएस निमिट्ज शामिल है। इसके साथ F/A-18E सुपर हॉर्नेट लड़ाकू विमान, EA-18G ग्रोलर इलेक्ट्रॉनिक युद्धक विमान और C-2A ग्रेहाउंड विमान भी तैनात हैं। इसके अलावा आरले बुर्के श्रेणी का विध्वंसक पोत USS Gridley और USNS Patuxent नाम के फ्यूल सप्लायर जहाज भी इस बेड़े का हिस्सा हैं।

क्यूबा को लेकर ट्रंप ने दिया बड़ा बयान

बता दें कि यूएसएस निमिट्ज को वर्ष 1975 में अमेरिकी नौसेना में शामिल किया गया था। हाल ही में इस युद्धपोत ने ब्राजील की नौसेना के साथ रियो डी जनेरियो तट के पास संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी किया था। इसकी जानकारी ब्राजील स्थित अमेरिकी दूतावास ने दी थी। इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार की नजर क्यूबा पर बनी हुई है। उन्होंने यह बयान उस समय दिया जब अमेरिकी न्याय विभाग ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर हत्या समेत कई गंभीर आरोप लगाए। यह मामला वर्ष 1996 में अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में 2 नागरिक विमानों को मार गिराने से जुड़ा है, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी।

Donald Trump Cuba tension, USS Nimitz Caribbean Sea, US Navy deployment Cuba
Image Source : US NAVYयूएसएस निमिट्ज को 1975 में अमेरिकी नेवी में शामिल किया गया था।

मार्को रुबियो ने स्पैनिश में जारी किया संदेश

ट्रंप ने कहा, 'यह बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है। यह केवल क्यूबा-अमेरिकियों के लिए ही नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी बड़ा क्षण है जो क्यूबा से आए हैं और अपने परिवारों से मिलने वापस जाना चाहते हैं।' रिपोर्ट के मुताबिक, यह अभियोग क्यूबा के स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनिक किया गया। उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जो खुद क्यूबा मूल के अमेरिकी हैं, ने स्पेनिश भाषा में क्यूबा की जनता को संदेश जारी किया। उन्होंने क्यूबा पर अमेरिकी ईंधन प्रतिबंध का समर्थन किया और लगातार हो रही बिजली कटौती के लिए क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश