1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ठंड से बचने की कोशिश ने ली जान, ट्रक के केबिन में मृत मिले चाचा-भतीजे

ठंड से बचने की कोशिश ने ली जान, ट्रक के केबिन में मृत मिले चाचा-भतीजे

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 12, 2026 07:29 am IST,  Updated : Jan 12, 2026 07:32 am IST

ठंड से बचने के लिए दो चालक ट्रक के केबिन में पेट्रोमैक्स लालटेन जलाकर सो रहे थे, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। दोनों मृतक चाचा-भतीजे थे।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (INDIA TV)

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां भीषण ठंड से बचने के लिए ट्रक के केबिन में 'पेट्रोमैक्स लालटेन' जलाकर सो रहे दो चालकों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल निवासी चाचा-भतीजे के रूप में हुई है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रहने वाले मोहम्मद इरफान और मोहम्मद इकरार पेशे से ट्रक चालक थे। वे शनिवार रात रामनगर के पीरूमदारा गांव स्थित एक स्टोन क्रशर में खनिज सामग्री (रेत-बजरी) भरने आए थे। रविवार सुबह करीब 5:00 बजे उन्होंने ट्रक में माल लोड किया और उसे क्रशर से बाहर खड़ा कर दिया। कड़ाके की ठंड और पाले से बचने के लिए दोनों ट्रक के केबिन के अंदर चले गए। केबिन को गर्म रखने के लिए उन्होंने मिट्टी के तेल वाली 'पेट्रोमैक्स लालटेन' जलाई और केबिन के शीशे पूरी तरह बंद करके सो गए।

खिड़की तोड़ने पर मिले बेहोश

काफी देर तक जब ट्रक में कोई हलचल नहीं हुई, तो वहां काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने उन्हें आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर संदेह हुआ। इसके बाद ट्रक के केबिन की खिड़की का शीशा तोड़ा गया, जहां इरफान और इकरार अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर का क्या है कहना?

अस्पताल की चिकित्सक डॉ. कृतिका ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर मौत का कारण दम घुटना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद जगह में लालटेन जलने से ऑक्सीजन कम हो गई होगी और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस भर गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

ये भी पढ़ें-

LOC पर बंकरों को मजबूत कर रहा पाकिस्तान, SSG कमांडो भी तैनात, भारत में बड़ी घुसपैठ की तैयारी

लंबे समय बाद बिहार लौटे तेजस्वी यादव, अपने ही नेता ने साध दिया निशाना, बोले- 'यह सब कुछ अच्छा लक्षण नहीं है'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत