ओडिशा के कटक शहर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। प्रेस चौक के पास स्थित मछली बाजार में लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि पूरा बाजार जलकर राख हो गया और लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग बुझाने के लिए रोबोटिक फायर फाइटिंग वाहन मंगाया
आग रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच लगी। आग लगने के बाद कुछ ही समय में उसने पूरे मछली बाजार और उससे जुड़े गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने जब आग की लपटें और धुआं उठता देखा तो तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे नियंत्रित करने के लिए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इसके अलावा भुवनेश्वर से एक रोबोटिक फायर फाइटिंग वाहन भी मंगाया गया, जिसे आग बुझाने के काम में लगाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।
पेंट गोदाम की वजह से फैली आग
बताया जा रहा है कि जिस इमारत के पास आग लगी, वहां एक पेंट का गोदाम भी मौजूद था। गोदाम में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग और तेजी से फैल गई। इससे दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घना धुआं और तेज गर्मी के कारण कई हिस्सों तक पहुंचना बेहद कठिन हो गया। दमकल कर्मियों को ऑक्सीजन मास्क पहनकर धुएं से भरे कमरों और गलियारों में प्रवेश करना पड़ रहा है। खराब दृश्यता और अत्यधिक गर्मी के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
50 से 60 लाख रुपये आग में जलकर खाक
रविवार का कारोबार खत्म होने के बाद दिनभर की नकद बिक्री की रकम बाजार में ही रखी गई थी। चूंकि रविवार होने के कारण बैंक बंद थे, इसलिए करीब 50 से 60 लाख रुपये नकद बाजार परिसर में मौजूद थे। व्यापारियों को आशंका है कि यह पूरी रकम आग में जलकर नष्ट हो गई है।
जानकारी के अनुसार बाजार में काम करने वाले करीब 17 मछली व्यापारियों को इस हादसे में भारी नुकसान हुआ है। नकदी के अलावा फर्नीचर, व्यापारिक उपकरण, डीप फ्रीजर और अन्य जरूरी सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। इस हादसे ने कई व्यापारियों की रोजी-रोटी पर गंभीर असर डाला है और उनका सालों का निवेश कुछ ही घंटों में खत्म हो गया।
हादसे का वीडियो आया सामने-
आग की चपेट में आई बैंक शाखा
आग केवल मछली बाजार तक ही सीमित नहीं रही। इसकी लपटें पास स्थित उस इमारत तक भी पहुंच गईं, जहां बैंक की एक शाखा संचालित होती है। आग के कारण बैंक शाखा के ऊपरी हिस्से में भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बैंक के फर्नीचर और कार्यालय से जुड़े बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की संभावना है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना के बाद प्रशासन और दमकल विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाजार के आसपास कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान और इमारतें मौजूद हैं, इसलिए अधिकारियों की प्राथमिकता आग को अन्य इमारतों तक फैलने से रोकना रही। लगातार प्रयासों के जरिए आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी रही।
व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने और आग पर पूर्ण नियंत्रण मिलने के बाद विस्तृत जांच शुरू की जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
इस भीषण अग्निकांड ने कटक के व्यापारिक समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। मछली बाजार के व्यापारियों को हुए भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बैंक और आसपास की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच में जुटने की तैयारी कर रहा है।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-