1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: बारिश से उफान पर नदी, स्कूली बच्चों की जान जोखिम में, कंधे पर उठाकर ले जा रहे अभिभावक

VIDEO: बारिश से उफान पर नदी, स्कूली बच्चों की जान जोखिम में, कंधे पर उठाकर ले जा रहे अभिभावक

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Jul 22, 2025 06:47 pm IST,  Updated : Jul 22, 2025 06:47 pm IST

पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के कारण इलाके की नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है।

बच्चों को कंधे पर लिए अभिभावक- India TV Hindi
बच्चों को कंधे पर लिए अभिभावक

ओडिशा के गजपति जिले के मोहना ब्लॉक स्थित बुड़ापंका गांव में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण इलाके की नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी, खासकर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।

जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे

बुड़ापंका गांव और खजुरीपदा स्कूल के बीच बहने वाली नदी इन दिनों ग्रामीणों के लिए अभिशाप बन गई है। लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए बच्चों को यह नदी पार करनी पड़ती है। पुल नहीं होने के कारण यह यात्रा बेहद खतरनाक हो गई है।

मंगलवार को दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए, जहां कई अभिभावक अपने बच्चों को कंधे पर बिठाकर उफनती नदी पार कर स्कूल पहुंचा रहे थे। वहीं, कुछ स्कूली बच्चे खुद ही तेज बहाव वाले पानी को पार करने का जोखिम उठा रहे थे। यह नजारा किसी आपदा क्षेत्र से कम नहीं था, जो स्थानीय प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।

बारिश में थम जाती है बच्चों की पढ़ाई

जानकारी के अनुसार, जैसे ही बारिश थोड़ी तेज होती है, नदी में 3 से 4 फीट तक पानी भर जाता है। इससे बुड़ापंका गांव पूरी तरह से जलमग्न हो जाता है और बच्चों के लिए स्कूल जाना असंभव हो जाता है। भारी बारिश के दिनों में जब पानी का स्तर अधिक होता है, तो अभिभावक चाहकर भी बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ता है।

पुरानी समस्या, अनसुनी मांग

यह समस्या कोई नई नहीं है। हर साल बारिश के मौसम में यही भयावह स्थिति होती है। ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन ने कई बार स्थानीय प्रशासन से इस नदी पर पुल निर्माण की मांग की है, लेकिन अफसोस कि अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोग अब प्रशासन से तत्काल इस नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि बच्चों की शिक्षा बाधित न हो और ग्रामीणों को हर साल इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- 

शादी के 20 साल बाद अपने से 25 साल छोटे प्रेमी के साथ फरार हुई महिला, 4 बच्चों को भी छोड़ा

VIDEO: पूरा विपक्ष काले कपड़े में... अपने सफेद लिबास पर तेज प्रताप बोले- मेरे ऊपर शनिचरा ग्रह है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत