1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में ओला के संस्थापक समेत कई सीनियर अधिकारियों पर FIR, इंजीनियर ने सुसाइड नोट में लगाए थे गंभीर आरोप

बेंगलुरु में ओला के संस्थापक समेत कई सीनियर अधिकारियों पर FIR, इंजीनियर ने सुसाइड नोट में लगाए थे गंभीर आरोप

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 21, 2025 08:24 am IST,  Updated : Oct 21, 2025 08:36 am IST

बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय एक इंजीनियर की आत्महत्या के बाद ओला इलेक्ट्रिक के संस्थापक और कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इंजीनियर ने उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ भाविश अग्रवाल- India TV Hindi
ओला इलेक्ट्रिक के सीईओ भाविश अग्रवाल। फाइल Image Source : PTI

बेंगलुरुः ओला इलेक्ट्रिक के संस्थापक और कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ 38 वर्षीय एक इंजीनियर के आत्महत्या करने के बाद मामला दर्ज किया गया है। इंजीनियर ने उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। बेंगलुरु पुलिस बताया कि ओला इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भाविश अग्रवाल और वरिष्ठ अधिकारी सुब्रत कुमार दास के खिलाफ कंपनी के एक 38 वर्षीय कर्मचारी को कथित मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। 

28 सितंबर को मिला था कर्मचारी का शव

कर्मचारी 28 सितंबर को रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया था। हालांकि, कंपनी ने उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने अपने संस्थापक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को चुनौती देने के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट का रुख किया है।

मृतक की पहचान के.अरविंद के रूप में हुई है। वह 2022 से कोरमंगला स्थित ओला इलेक्ट्रिक में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। एक बयान में कंपनी ने कहा कि हम अपने सहयोगी अरविंद के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से बेहद दुखी हैं और इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। अरविंद साढ़े तीन साल से ओला इलेक्ट्रिक से जुड़े थे और बेंगलुरु स्थित हमारे मुख्यालय में कार्यरत थे। 

इंजीनियर के भााई ने दर्ज कराई थी शिकायत

पुलिस के अनुसार, अरविंद के भाई अश्विन कन्नन ने शिकायत में कहा कि 28 सितंबर को अरविंद ने चिक्कलसंद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया और उसे महाराजा अग्रसेन अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में चिकित्सा प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई। अरविंद के कमरे से 28 पृष्ठों का सुसाइड नोट बरामद किया गया। इसमें उसने कथित तौर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और वेतन एवं भत्ते का भुगतान न करने का आरोप लगाया, जिसके कारण उसने जहर खा लिया।

इनपुट- भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत