1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Parliament Session LIVE: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब दे रहे PM मोदी

Parliament Session LIVE: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब दे रहे PM मोदी

 Updated : Feb 06, 2025 06:12 pm IST

आज संसद में केंद्रीय बजट 2025-2026 पर चर्चा होगी। विपक्ष अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीय अप्रवासियों के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग कर रहा है। इस बीच केंद्र सरकार आज नया इनकम टैक्स बिल भी पेश कर सकती है।

parliament budget session live- India TV Hindi
संसद का बजट सत्र Image Source : FILE PHOTO

आज बजट सत्र के 5वें दिन भी संसद के दोनों सदनों में हंगामा हो रहा है। आज संसद में केंद्रीय बजट 2025-2026 पर चर्चा होनी है। शाम 4 बजे राज्यसभा में पीएम मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देंगे, वे लोकसभा में पहले ही जवाब दे चुके हैं। केंद्र सरकार आज नया इनकम टैक्स बिल पेश कर सकती है, जिसका मकसद मौजूदा कर प्रणाली को सरल और प्रभावी बनाना है। इस बिल में कई बड़े बदलाव किए जा सकते हैं, जिससे टैक्सपेयर्स को राहत मिलने की संभावना है।  केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार 3.0 का पहला पूर्ण बजट पेश किया, जो लोकसभा में उनका लगातार आठवां बजट है।

 

Parliament Session LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 4:06 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब दे रहे PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण ने देश को आगे की दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि इस अभिभाषण में विकसित भारत का संकल्प है।

  • 4:01 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राज्यसभा पहुंचे पीएम मोदी, थोड़ी देर में होगा भाषण

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देने के लिए राज्यसभा में पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी अब से थोड़ी ही देर बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देंगे।

  • 3:45 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया

    अमेरिका द्वारा भारतीय अवैध प्रवासियों को वापस भेजे जाने के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

  • 2:05 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    डिपोर्टेशन कोई पहली बार नहीं-जयशंकर

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में डिपोर्टेशन के मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि अवैध तरीके से रह रहे भारतीयों को वापस भेजा गया। डिपोर्टेशन कोई पहली बार नहीं हुआ है। विदेश मंत्री ने अपने बयान में पुराने आंकड़े भी गिनाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से ही डिपोर्टेशन के तहत मिलिट्री प्लेन से लोगों को वापस भेजा जाता रहा है। उन्होंने कि भारतीयों के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं हुआ। भेजे गए लोगों को टॉयलेट ब्रेक दिया गया था।

     

  • 12:40 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा में जवाब देंगे जयशंकर

    लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर से शुरू हुई। हालांकि, हंगामे की वजह से लोकसभा को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बतायास कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर दोपहर दो बजे संसद में अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीयों के मुद्दे पर जवाब देंगे।

  • 11:37 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

    अमेरिका से प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने और महाकुंभ में भगदड़ सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 11:37 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

    अमेरिका से प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 11:36 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा में अमेरिका से वापस आए लोगों का मुद्दा उठा

    लोकसभा की कार्यवाही में अमेरिका से वापस आए लोगों का मुद्दा उठा। इससे पहले अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।

  • 10:46 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सोनिया गांधी के खिलाफ आ सकता है विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव

    कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी के खिलाफ संसद में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव आ सकता है। सोनिया गांधी ने बजट सत्र के शुरुआत में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर विवादित टिप्पणी की थी। एक वीडियो में उन्हें राष्ट्रपति को 'बेचारी महिला' कहते सुना जा सकता है।

     

  • 10:31 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    संसद में हंगामे के आसार

    संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामे के आसार हैं। विपक्ष अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीय अप्रवासियों के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग कर रहा है। इस बीच लोकसभा में केंद्रीय बजट 2025-2026 पर चर्चा होगी।

  • 10:30 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राष्ट्रपति के अभिभाषण पर PM मोदी राज्यसभा में देंगे जवाब

    आज संसद के बजट सत्र के पांचवे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। राज्यसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 4 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देंगे। लोकसभा में मंगलवार को उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दिया था।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत