नई दिल्ली: पीएम मोदी ने शनिवार को यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन मैंने नहीं बल्कि आप लोगों ने किया है। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट भी ऑन करने को कहा। पीएम मोदी ने कहा, "यहां उपस्थित हर व्यक्ति आज इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है। ये आपका भविष्य है। ये आपका पुरुषार्थ है और इसलिए उसका उद्घाटन भी आपके हाथों से हो रहा है।" उन्होंने कहा कि युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।
'आज मेरी खुशी के दो कारण हैं'
पीएम मोदी ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर कहा, "देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। आज मेरे लिए प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो यह है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था। और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया। दूसरा जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ेगा।
पश्चिम एशिया संकट का पूरी शक्ति से सामना कर रहा देश
पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर कहा, "आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद, ऐसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हमारा भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता है, इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर हमारे किसान भाई-बहनों पर इस संकट का बोझ ना पड़े। संकट के इस समय में भी अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। ये हमारा जेवर एयरपोर्ट पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। हर दो मिनट में यहां से एक जहाज उड़ेगी।"
'सपा वालों ने नोएडा को लूट का ATM बना दिया था'
पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था, लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का ये एयरपोर्ट डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है। इस एयरपोर्ट को वाजपेई जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में आप में से बहुत लोग होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरू के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा एनडीए की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये भी हो गया है।"
'नोएडा को अंधविश्वस के हाल पर छोड़ दिया था'
नोएडा जाने को लेकर चल रहे अंधविश्वास पर PM मोदी ने कहा, "जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया। तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी ना आने की लोगों ने कोशिश की कि नोएडा मत जाओ मोदी जी अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है।"
'एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं'
पीएम मोदी ने आम लोगों की हवाई यात्रा को लेकर कहा, "किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे और आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। UDAN योजना के तहत बीते कुछ वर्षों में 1.60 करोड़ से अधिक देशवासियों ने सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। हाल ही में केंद्र सरकार ने UDAN योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलिपैड बनाने की योजना है।"
'पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट'
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ हुई चर्चा के बारे में कहा, "अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकट का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है। मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से भी लंबी चर्चा हुई है और बड़ी सकारात्मक चर्चा हुई है। मैं आज आप सभी जनता जनार्दन से फिर कहूंगा। मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा। हमें शांत मन से धैर्य के साथ एकजुटता के साथ मिलजुलकर करके संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।"
पीएम ने सभी दलों से की अपील
पीएम मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा, "मैं यूपी के, देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं। इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें जो देश के लिए नुकसानदायक है। जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। राजनीति के लिए गलत बयानबाजी करने वाले राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती। कोरोना के महासंकट के दौरान भी कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाई। वैक्सीन को लेकर झूठ बोले ताकि सरकार का काम मुश्किल हो देश को नुकसान पहुंचे, परिणाम क्या हुआ? जनता ने चुनावों के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया, ठुकरा दिया। मुझे पूरा भरोसा है कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे, ताकत देंगे।"
यहां देखें पूरा वीडियो
यह भी पढ़ें-
कोलकाता में भयंकर आंधी-तूफान, दो घंटे तक लैंड नहीं कर सका अमित शाह का विमान