1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अयोध्या के संत के 'सिर काटने पर 10 करोड़' वाले बयान पर भड़के प्रियांक खरगे, पूछा ये सवाल

अयोध्या के संत के 'सिर काटने पर 10 करोड़' वाले बयान पर भड़के प्रियांक खरगे, पूछा ये सवाल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 05, 2023 01:09 pm IST,  Updated : Sep 05, 2023 01:09 pm IST

अयोध्या के संत जगतगुरु परमहंस आचार्य ने उदयनिधि का सिर कलम करने पर इनाम का ऐलान किया है। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे का बयान आया है।

प्रियांक खरगे - India TV Hindi
प्रियांक खरगे Image Source : FILE PHOTO

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन की ओर से सनातन धर्म पर दिए विवादित बयान तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर नेताओं के लगातार बयान सामने आ रहे हैं। इस बीच, अयोध्या के संत जगतगुरु परमहंस आचार्य ने उदयनिधि का सिर कलम कर लाने पर इनाम की घोषणा की है। अब इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने बयान दिया है। उन्होंने पूछा कि क्या आपका धर्म दया और समानता नहीं सिखाता।

परमहंस आचार्य पर क्या बोले प्रियांक?

अयोध्या के संत परमहंस आचार्य के ऐलान पर कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा, "अगर आप जान से मारने की धमकी देने जा रहे हैं या कुछ भी कहने वाले पर 10 करोड़ रुपये का इनाम रख रहे हैं, तो यह क्या है? आप में और अन्य कट्टरपंथियों में क्या अंतर है? क्या आपका धर्म दया और समानता नहीं सिखाता है"

"स्टालिन को मारने की हिम्मत नहीं की, तो..."

दरअसल, अयोध्या के तपस्वी छावनी के मुख्य पुजारी जगतगुरु परमहंस आचार्य ने ऐलान किया है कि स्टालिन का सिर काटकर उनके पास ले जाने वाले को 10 करोड़ रुपये नकद इनाम देंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने स्टालिन को मारने की हिम्मत नहीं की, तो मैं खुद उन्हें दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढूंगा और मार डालूंगा। बता दें कि इससे पहले आचार्य ने रामचरितमानस पर टिप्पणियों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर काटने और 'पठान' फिल्म में भगवा पोशाक दिखाने के लिए अभिनेता शाहरुख खान को जिंदा जलाने वाले को नकद पुरस्कार की घोषणा की थी। 

उदयनिधि ने क्या दिया था बयान?

तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने शनिवार को यह टिप्पणी कर विवाद पैदा कर दिया था कि सनातन धर्म समानता एवं सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसका उन्मूलन करने की जरूरत है। उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस,मलेरिया और डेंगू से करते हुए कहा था कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि इनका उन्मूलन कर देना चाहिए। 

मराठा आंदोलन के चेहरे मनोज जरांगे बोले- हम रुकेंगे नहीं, अध्यादेश लेकर ही रहेंगे

बिहार: CM नीतीश कुमार पैर फिसलने की वजह से गिरे, सुरक्षाकर्मियों ने उठाया, VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत