1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 100 दिनों में 8 राज्यों से होकर गुजरी भारत जोड़ो यात्रा, कांग्रेस बोली- अगले महीने पंजाब में होगी

100 दिनों में 8 राज्यों से होकर गुजरी भारत जोड़ो यात्रा, कांग्रेस बोली- अगले महीने पंजाब में होगी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 17, 2022 10:01 pm IST,  Updated : Dec 17, 2022 10:01 pm IST

भारत जोड़ो यात्रा 07 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और शुक्रवार को इसके 100 दिन पूरे हुए। यात्रा अब तक आठ राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से होकर गुजरी है।

पंजाब में होगी भारत जोड़ो यात्रा - India TV Hindi
पंजाब में होगी भारत जोड़ो यात्रा Image Source : FILE PHOTO

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा अगले महीने पंजाब पहुंचेगी और जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने से पहले 8 -9 दिनों तक राज्य में रहेगी। वडिंग ने कहा कि उन्होंने यात्रा की तैयारियों के बारे में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की है। 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा के पंजाब फेज की तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा 07 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और शुक्रवार को इसके 100 दिन पूरे हुए। यात्रा अब तक आठ राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से होकर गुजरी है। 

यात्रा को लेकर क्या बोले कांग्रेस नेता?

वडिंग ने कहा कि यात्रा केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं है, बल्कि उन सभी की है जो देश के संविधान से प्यार करते हैं और जो ध्रुवीकरण, फूट डालो और राज करो की ब्रिटिश नीति के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा, "यह उन युवाओं की यात्रा है जो बेरोजगार हैं, महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ हैं और सिख, हिंदू, मुस्लिम और ईसाई सहित सभी समुदायों के भाईचारे और सौहार्द के लिए खड़े हैं।" 

'पंजाब में नौ दिनों के लिए होगी यात्रा'

कांग्रेस नेता ने कहा, "यात्रा पंजाब में आठ से नौ दिनों के लिए होगी और शंभू सीमा से यह जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने से पहले फगवाड़ा, जालंधर, पठानकोट और माधोपुर सहित विभिन्न शहरों से गुजरेगी।" पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए वडिंग ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस संबंध में कार्रवाई करने को कहा। 

वडिंग ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना समय की जरुरत है और पूछा कि सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने के वास्ते उनके घरों को तोड़ने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल क्यों नहीं कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत