1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सिक्किम में भूस्खलन की चपेट में आने से 4 की मौत, 3 लोग अभी भी लापता

सिक्किम में भूस्खलन की चपेट में आने से 4 की मौत, 3 लोग अभी भी लापता

 Published : Sep 12, 2025 08:50 am IST,  Updated : Sep 12, 2025 08:50 am IST

सिक्किम के पश्चिमी क्षेत्र में यांगथांग के अपर रिम्बी में भूस्खलन से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अब भी लापता हैं। भारी बारिश के कारण हुए इस हादसे के बाद पुलिस और SSB ने राहत कार्य चलाया।

Sikkim landslide deaths, Upper Rimbi landslide- India TV Hindi
सिक्किम में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। Image Source : ANI SCREENGRAB

गंगटोक: सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले अपर रिम्बी में गुरुवार रात को एक भीषण भूस्खलन ने काफी तबाही मचाई है। इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। पुलिस के मुताबिक, भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस, स्थानीय लोगों और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

ह्मयूम नदी से निकाली गईं 2 महिलाएं

पुलिस ने बाढ़ से प्रभावित ह्यूम नदी पर पेड़ों के तनों से एक अस्थायी पुल बनाकर 2 घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस की बात है कि एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। गेजिंग के पुलिस अधीक्षक त्शेरिंग शेरपा ने बताया, 'हमने मुश्किल हालात में भी बचाव कार्य किया, लेकिन 3 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है।'

सोमवार को भी हुआ था भूस्खलन

बता दें कि इससे पहले सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में सोमवार आधी रात को एक और भूस्खलन ने कहर बरपाया था। इस हादसे में थांगशिंग गांव की 45 साल की बिश्नु माया पोर्टेल की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ, जिसने बिश्नु के घर को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

लगातार हो रहे भूस्खलनों के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने भूस्खलन-प्रवण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश के कारण और भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और जरूरी सावधानियां बरतें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत