1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. SRCC के 100 वर्ष पूरे होने पर कॉलेज डेलिगेशन ने की पीएम मोदी से मुलाकात, स्मारक डाक टिकट जारी, रजत शर्मा भी थे मौजूद

SRCC के 100 वर्ष पूरे होने पर कॉलेज डेलिगेशन ने की पीएम मोदी से मुलाकात, स्मारक डाक टिकट जारी, रजत शर्मा भी थे मौजूद

 Published : Apr 25, 2026 11:02 pm IST,  Updated : Apr 25, 2026 11:03 pm IST

नई दिल्ली में SRCC के डेलिगेशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस खास मौके पर इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा भी मौजूद थे। कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होने पर पीएम ने स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

SRCC 100 years celebration, PM Modi SRCC meeting, Shri Ram College of Commerce centenary- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान रजत शर्मा, अजय एस. श्रीराम एवं डेलिगेशन के अन्य सदस्य। Image Source : X.COM/NARENDRAMODI

नई दिल्ली: नई दिल्ली में शनिवार को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) की गवर्निंग बॉडी के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस डेलिगेशन में इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा, SRCC गवर्निंग बॉडी के चेयरपर्सन अजय एस. श्रीराम, जस्टिस एके सीकरी, विक्रम एस. श्रीराम एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।  इस खास मौके पर प्रधानमंत्री ने कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

PM मोदी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए लिखा, 'भारत के सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की गवर्निंग बॉडी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस संस्थान को मेरी शुभकामनाएं।'

1920 में हुई थी SRCC स्थापना

कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, SRCC की स्थापना वर्ष 1920 में बसंत पंचमी के दिन हुई थी। उस समय देश के 7 प्रमुख व्यापारियों ने, जिनका नेतृत्व श्री राम कर रहे थे, ‘कमर्शियल एजुकेशन ट्रस्ट’ की स्थापना की थी। इसी ट्रस्ट ने उसी साल पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र के चर्खेवालन में ‘द कमर्शियल स्कूल’ के नाम से पहला संस्थान शुरू किया। वर्ष 1926 में इस संस्थान को दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्धता मिली। इसके 6 साल बाद इसे डिग्री कॉलेज का दर्जा मिला और यहां BA (पास) कॉमर्स ग्रुप की डिग्री दी जाने लगी।

देश के अग्रणी संस्थानों में शुमार है SRCC

समय के साथ कॉलेज ने अपने पाठ्यक्रमों का विस्तार किया। वर्ष 1943 में BA (ऑनर्स) कॉमर्स ग्रुप शुरू किया गया। इसी साल MA (इकोनॉमिक्स) कोर्स की भी शुरुआत हुई। इसके बाद 1948 में कॉमर्स में मास्टर डिग्री शुरू की गई। वर्ष 1949 में जब दिल्ली विश्वविद्यालय में B.Com (ऑनर्स) कोर्स शुरू हुआ, तो SRCC ने भी इस कोर्स को अपने यहां शुरू कर दिया। तब से लेकर आज तक यह कॉलेज देश में कॉमर्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई के लिए अग्रणी संस्थानों में गिना जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत