1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अंतरिक्ष से कैसा दिखता है भारत? सुनीता विलियम्स का ये जवाब दिल छू लेगा

अंतरिक्ष से कैसा दिखता है भारत? सुनीता विलियम्स का ये जवाब दिल छू लेगा

 Published : Apr 01, 2025 09:46 am IST,  Updated : Apr 01, 2025 09:47 am IST

अंतरिक्ष में 286 दिन गुजारने के बाद पृथ्वी पर लौटीं NASA की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स से पूछा गया कि भारत अंतरिक्ष से कैसा दिखता है। इस पर उन्होंने जो जवाब दिया वो काफी चर्चा में है। उन्होंने बहुत ही खास जवाब दिया जिसे सुन हर कोई खुश होगा।

sunita williams- India TV Hindi
अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स Image Source : PTI

भारतीय मूल की NASA की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स यूं तो पहले भी दो बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जा चुकी हैं लेकिन शायद ही उन्होंने यह कल्पना की होगी कि तीसरी बार अंतरिक्ष में जाने के बाद उन्हें वापसी के लिए लंबा इंतजार करना होगा और यह घटना इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। नासा के अंतरिक्षयात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स 9 महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद हाल ही में पृथ्वी पर लौट आए।

अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है? जब ये प्रश्न 1984 में, भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से पूछा गया तो इसके जवाब में उन्होंने कहा था- "मैं बगैर किसी झिझक के कह सकता हूं कि सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा।" अब चार दशक बाद हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 286 दिन गुजारने के बाद घर लौटी सुनीता विलियम्स से भी ऐसा ही सवाल पूछा गया।

अद्भुत है भारत- सुनीता विलियम्स

सुनीता से पूछा गया कि भारत अंतरिक्ष से कैसा दिखता है, तो उन्होंने जवाब दिया, "अद्भुत, बिल्कुल अद्भुत।" उन्होंने कहा, "भारत अद्भुत है। जब भी हम हिमालय के ऊपर से गुजरे, बुच ( बुच विल्मोर उनके साथी अंतरिक्ष यात्री हैं) को अविश्वसनीय तस्वीरें मिलीं, यह बिल्कुल आश्चर्यजनक है। ऐसा लगता था जैसे कोई लहर उठी हो और भारत में आकर बह रही हो। गुजरात और मुंबई में तो धरती के रंग और भी निखरकर दिखाई दे रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो कोई कह रहा हो- ‘लो, आ गया।''

हिमालय, मुंबई के साथ आया इसका जिक्र

विलियम्स ने बताया, "मैंने पहले इसका जिक्र इस लहर की तरह किया है जो स्पष्ट रूप से तब हुई जब प्लेटें टकराईं और फिर, जैसे ही यह भारत में बहती है, यह कई-कई रंगों में होती है। मुझे लगता है कि जब आप पूर्व से गुजरात और मुंबई में आते हैं, और (आप देखते हैं) मछली पकड़ने का बेड़ा जो वहां तट से दूर है, यह आपको थोड़ा सा संकेत देता है, यहां हम भारत के ऊपर हैं। पूरे भारत में, मुझे लगता है कि मुझे रोशनी का नेटवर्क नजर आ रहा था और बड़े शहरों से छोटे शहरों तक जा रहा था। रात को देखना अविश्वसनीय था। दिन के दौरान निश्चित रूप से हिमालय ध्यान खींचता था।"

भारत को एक महान देश बताया

इस दौरान सुनीता विलियम्स ने भारत को एक महान देश और एक शानदार लोकतंत्र बताया। अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की प्रगति की सराहना की और इसके प्रयासों का समर्थन करने की इच्छा व्यक्त की। बता दें कि भारत अपने महत्वाकांक्षी गगनयान कार्यक्रम के साथ मानव अंतरिक्ष उड़ान में प्रगति कर रहा है, जो 2026 तक अंतरिक्ष यात्रियों को कक्षा में भेजने के लिए तैयार है।

भारत आने पर क्या बोलीं?

भारत दौरे पर सुनीता विलियम्स ने कहा कि वो अपने "पिता के देश" की यात्रा करने की उम्मीद करती हैं। वहीं, अंतरिक्ष स्टेशन पर उनके सहयोगी बुच विल्मोर भी भारत दौरा करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें-

'मैं इसका जिम्मेदार हूं', बुच विल्मोर का बड़ा खुलासा; 9 महीने तक सुनीता विलियम्स के साथ अंतरिक्ष में फंसे थे

सुनीता विलियम्स और विल्मोर बुच के ओवरटाइम के पैसों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कर दिया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत