1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 4 करोड़ 54 लाख के असली और नकली नोट बरामद, कई गड्डियों में Children Bank of India लिखा हुआ-VIDEO

4 करोड़ 54 लाख के असली और नकली नोट बरामद, कई गड्डियों में Children Bank of India लिखा हुआ-VIDEO

 Published : May 28, 2026 10:39 pm IST,  Updated : May 29, 2026 12:03 am IST

500-500 नोटों की जो गड्डियां बरामद हुई हैं। उनमें ऊपर तो असली नोट लगे थे। नीचे Children Bank of India के जाली नोट लगे हुए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार- India TV Hindi
पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की गदरपुर पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब चार करोड़ 54 लाख रुपये की असली और नकली करेंसी बरामद की है। बरामद नोटों में कई गड्डियों के ऊपर असली 500 रुपये के नोट और नीचे 'Children Bank of India' लिखे नकली नोट पाए गए हैं। 

किसी बड़े षड्यंत्र की थी तैयारी

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी इन नकली नोटों के जरिए किस बड़े षड्यंत्र को अंजाम देने की तैयारी में थे। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को जनपद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

भारी मात्रा में संदिग्ध नोट बरामद

दरअसल, गदरपुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

दो आरोपी लिए गए हिरासत में

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जब तलाशी ली तो भारी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद हुए। जांच के दौरान कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे 'Children Bank of India' अंकित नकली नोट रखे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके।

ऊपर असली नीचे नकली नोट

पुलिस के अनुसार, मौके से कुल लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की असली और नकली करेंसी बरामद की गई है। बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां शामिल हैं। कुछ गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट पाए गए, जबकि कई गड्डियों में अधिकांश नोट पूरी तरह फर्जी थे। 

157 गड्डियां 500-500 रुपये के नकली नोटों की

पुलिस ने मौके से एक काला-सफेद धारीदार बैग भी बरामद किया, जिसमें 157 गड्डियां 500-500 रुपये के नकली नोटों की रखी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर आर्थिक अपराध और नकली नोटों की सप्लाई से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर, बाजपुर और मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी पंचपुरी कोपा गूलरभोज, गदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

कहां से आए नकली नोट?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय हैं। किन इलाकों में इन्हें खपाने की तैयारी थी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के तह तक पहुंचने में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की तैयारी में था। गदरपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

रिपोर्ट – नाहिद खान

ये भी पढ़ें: 

बकरे की कुर्बानी देने पहुंचे 'रबजान मियां' को आया हार्ट अटैक, मौके पर हुई मौत, परिवार में पसरा मातम-VIDEO

जम्मू-कश्मीर: आतंक के खिलाफ भारतीय सेना का बड़ा ऑपरेशन, छठे दिन भी ठिकानों पर बरसाए गए गोले

 
 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत