1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 32 किलो चांदी की मूर्ति चोरी, CCTV बंद; कर्नाटक के प्रसिद्ध मंदिर से 1.20 करोड़ का सामान गायब

32 किलो चांदी की मूर्ति चोरी, CCTV बंद; कर्नाटक के प्रसिद्ध मंदिर से 1.20 करोड़ का सामान गायब

 Reported By: T Raghavan Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 06, 2026 07:58 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 08:02 pm IST

विजयपुरा जिले के बसराकोडा गांव में स्थित प्रसिद्ध श्री पवाडा बसवेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर 60 किलो से ज्यादा चांदी का सामान लेकर फरार हो गए, जिसमें देवता की लगभग 32 किलोग्राम वजनी चांदी की मूर्ति शामिल है।

श्री पवाडा बसवेश्वर...- India TV Hindi
श्री पवाडा बसवेश्वर मंदिर के गर्भगृह से मूर्ति चोरी। Image Source : REPORTER INPUT

कर्नाटक के विजयपुरा ज़िले के मुद्देबिहाल तालुक के बसराकोड गांव में स्थित श्री पवाडा बसवेश्वर मंदिर के गर्भगृह से 32 किलो वजनी चांदी की मूर्ति समेत 60 किलो से ज्यादा चांदी का सामान चोरी हो गया। श्री पवाडा बसवेश्वर की मूर्ति की चोरी 5 जुलाई और 6 जुलाई की रात को हई। इस मूर्ति की कीमत लगभग 51.20 लाख रुपये है। वहीं, चोरी हुए चांदी के कुल आभूषणों का बाजार मूल्य 1.20 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। यह भगवान बसवेश्वर को समर्पित एक महत्वपूर्ण और पूजनीय स्थल है।

रात में ताले तोड़कर लूट

मंदिर समिति के अध्यक्ष 70 वर्षीय करनंदप्पा बिरदार की शिकायत के अनुसार, चोरी का पता सुबह करीब 4 बजे चला जब वहां रहने वाले पुजारी साधु शंकरलिंग ने देखा कि मंदिर के दरवाजे खुले थे और ताले टूटे हुए थे। मूर्ति अपने आसन से गायब थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि मंदिर के पुजारी शरणय्या सलीमत ने 5 जुलाई को रात 9 बजे शाम की पूजा की थी। उन्होंने जाने से पहले अंदर और बाहर के लोहे के दरवाज़ों पर ताला लगा दिया था। माना जा रहा है कि चोरी रात 9 बजे से सुबह 4:30 बजे के बीच हुई।

मंदिर के CCTV कैमरे बंद मिले

यह चोरी मंदिर परिसर के अंदर संतों और संन्यासियों के सोने के बावजूद हुई। संदेह तब और गहरा हो गया जब घटना के समय मंदिर के सीसीटीवी कैमरे चालू नहीं पाए गए, जिससे यह आशंका बढ़ गई है कि चोरों ने पहले से योजना बनाकर इस साजिश को अंजाम दिया। मुद्देबिहाल पुलिस ने मौके का दौरा किया और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मुद्देबिहाल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 305(d) और 331(4) के तहत FIR दर्ज की गई है। शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई क्योंकि मंदिर समिति ने पुलिस के पास जाने से पहले ग्रामीणों के साथ इस मामले पर चर्चा की थी। मामले की जांच चल रही है और अज्ञात दोषियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें भेजी गई हैं।

यह भी पढ़ें-

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी करके अब पछता रहे सभी आरोपी, गिरफ्तारी के बाद जेल में लग रहा बहुत डर

'दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसे सख्त सजा मिले', राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत