1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कौन था सुलेमान? पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड को सेना ने कैसे किया ढेर? जानिए

कौन था सुलेमान? पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड को सेना ने कैसे किया ढेर? जानिए

 Published : Jul 29, 2025 01:45 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 02:25 pm IST

पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड और अन्य दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन महादेव' में मार गिराया है। आइए जानते हैं कि सेना ने इस ऑपरेशन को कैसे अंजाम दिया है।

जम्मू-कश्मीर में सेना का ऑपरेशन।- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर में सेना का ऑपरेशन। Image Source : PTI

भारतीय सेना और सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सेना ने सोमवार को श्रीनगर के बाहरी इलाके के जंगलों में पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े तीन आतंकियों को मार गिराया है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी है कि सेना के ‘ऑपरेशन महादेव’ में सोमवार को तीन आतंकवादी मारे गए, इन्हीं आतंकवादियों ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी।

आतंकियों का पता कैसे लगाया गया?

दरअसल, भारतीय सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक तकनीकी संकेत मिलने के बाद ऑपरेशन महादेव अभियान शुरू किया और पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सुलेमान को मार गया। यह तकनीकी संकेत एक ऐसे सैटेलाइट फोन के इस्तेमाल का इशारा कर रहा था, जिसका उपयोग पहलगाम हमले के हमलावरों ने भी किया था। सेना की कार्रवाई में दो अन्य आतंकवादियों को भी मार गिराया गया। उनकी पहचान जिब्रान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। ये सभी पहलगाम आतंकी हमले में शामिल थे।

कैसे की गई आतंकियों की पहचान?

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया- "जब आतंकवादियों के शव श्रीनगर पहुंचे, तो उनकी पहचान पहलगाम में आतंकी हमला करने वाले तीन लोगों के रूप में हुई। आतंकी हमले के कारतूसों की FSL रिपोर्ट पहले से ही तैयार थी। कल तीनों आतंकवादियों की राइफलें जब्त कर ली गईं और उनका FSL रिपोर्ट से मिलान किया गया। कल चंडीगढ़ में आगे की जांच की गई, उसके बाद पुष्टि हुई कि ये तीनों वही थे जिन्होंने आतंकी हमला किया था।"

पहचाने गए आतंकवादी:

1. सुलेमान उर्फ फैजल जट्ट- लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का सदस्य, पहलगाम हमले में सीधे तौर पर शामिल।

2. अफगान- ग्रेड ए कैटेगरी का आतंकवादी।

3. जिब्रान- ग्रेड ए आतंकवादी, माना जाता है कि वह कोर एग्जिक्यूशन टीम का सदस्य था।

ये तीनों पहलगाम आतंकी हमले का हिस्सा थे और इन्हें दाचीगाम के जंगलों में पाया गया, जहां सुरक्षा बलों ने इन्हें मार गिराया।

कितना खतरनाक था मास्टरमाइंड सुलेमान?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुलेमान पाकिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका था। वह हाईली ट्रेंड आतंकवादी था और उसे जंगलों में रहने और मुश्किल हालात में भी रहने की ट्रेनिंग मिली थी। ट्रेनिंग के बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ और आतंकी वारदात करने की शुरुआत की। सुलेमान पहलगाम के अलावा भी कई अन्य आतंकी हमलों में शामिल था। सुरक्षाबलों ने जिस जगह पर सुलेमान और दो अन्य आतंकियों को मार गिराया वहां मुठभेड़स्थल से एक एम4 कार्बाइन राइफल, दो एके राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- 'पाकिस्तान का वोटर कार्ड और चॉकलेट रैपर मिला', पहलगाम आतंकियों के पास से मिले सबूत पर बोले अमित शाह

पहलगाम हमले से जुड़े तीनों आतंकी ऑपरेशन महादेव में मारे गए, जानें अमित शाह ने लोकसभा में क्या-क्या कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत