1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. होमस्टे में युवती का मिला शव, बेहोश हालत में पड़ा था बॉयफ्रेंड; परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

होमस्टे में युवती का मिला शव, बेहोश हालत में पड़ा था बॉयफ्रेंड; परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

 Reported By: T Raghavan Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 29, 2026 08:41 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 08:41 pm IST

चिक्कबल्लापुरा स्थित एक होमस्टे में युवती का शव मिला है। उसी कमरे में उसका बॉयफ्रेंड बेहोशी की हालत में मिला। युवती के परिजनों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

होमस्टे में मिला युवती का शव।- India TV Hindi
होमस्टे में मिला युवती का शव। Image Source : REPORTER INPUT

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुरा जिले के नंदीगिरिधाम पुलिस स्टेशन इलाके में स्थित होमस्टे में एक युवती का शव मिला है। ये घटना मुड्डेनहल्ली के पास की है। मृतक युवती की पहचान साई सुरभि के तौर पर हुई है। युवती के साथ ही उसके कथित बॉयफ्रेंड को भी बेहोश हालत में पाया गया, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान केरलम के रहने वाले संजीत अली के रूप में हुई है। दूसरी तरफ सुरभि के परिवार का आरोप है कि कैब ड्राइवर का काम करने वाले संजीत अली ने सुरभि को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसे बहुत शारीरिक यातनाएं दीं और उसी युवक ने अब उसकी हत्या कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

कमरे में मिली गोलियां और डायरी

बेंगलुरु की रहने वाली साई सुरभि और केरल के कोझिकोड के रहने वाले कैब ड्राइवर संजीत अली शनिवार को मुड्डेनहल्ली के पास एक होमस्टे में रुके थे। यह मामला तब सामने आया जब चेक-आउट का समय बीत जाने के बाद होमस्टे के केयरटेकर ने कमरे की जांच की। चिक्कबल्लापुर के SP कुशल चौकसी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और जांच की। युवती का शव फंदे से लटका हुआ मिला और जिस रस्सी से वह लटकी थी, वह कटी हुई थी। घटनास्थल पर कुछ गोलियां भी मिलीं, जिससे संकेत मिलता है कि उसे जहर दिया गया था। कमरे में एक डायरी मिली, जिसमें कई बातें लिखी हुई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोस्तों के जरिए हुई थी मुलाकात

SP कुशल चौकसी ने कहा कि यह हत्या थी या दोनों ने मिलकर आत्महत्या की, यह तभी साफ हो पाएगा जब अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से बीमार संजीत अली को होश आ जाएगा। फिलहाल नंदीगिरिधाम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक जब साई सुरभि बेंगलुरु के दयानंद सागर कॉलेज में पढ़ रही थी, तो दोस्तों के जरिए उसकी मुलाकात केरल के कैब ड्राइवर संजीत अली से हुई। जैसे-जैसे वे एक-दूसरे को जानने लगे, संजीत उसे यह कहकर परेशान करने लगा कि वह उससे प्यार करता है। 

परिजनों ने युवक पर मारपीट का लगाया आरोप

सुरभि के परिवार ने पुलिस को बताया कि अपने प्यार में फंसाकर संजीत सुरभि को परिवार की मर्जी के खिलाफ अपने साथ लेकर चला गया और फिर उसे ड्रग्स की लत भी लगा दी। छह महीने तक दोनों साथ रहे, लेकिन इस दौरान संजीत ने सुरभि को जबरदस्त तरीके से प्रताड़ित किया। इसके बाद घर वाले उसे किसी तरह वापस ले आए। दो-तीन जगहों पर उसका इलाज करवाकर उसे ठीक करने की कोशिश की। हाल ही में वह बिल्कुल ठीक और स्वस्थ थी। 

सत्संग में जाने को बोलकर निकली थी युवती

साई सुरभि ने हाल ही में मुड्डेनहल्ली में स्पीच थेरेपिस्ट के तौर पर काम शुरू किया था। उसने अपनी मां को बताया था कि शनिवार को वहां सत्संग है और वह वहीं रहेगी, लेकिन अब वो संजीत अली के साथ एक होमस्टे में मिली, जहां वो मृत पाई गई। परिवार ने पुलिस को बताया है कि एक साजिश रचकर आरोपी संजीत अली ने सुरभि की हत्या की है। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि सुरभि और संजीत के खिलाफ पिछले साल NDPS एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु में हिस्ट्रीशीटर की बीच सड़क पर फिल्मी स्टाइल में हत्या, देर तक किया पीछा; फिर सड़क पर ही काट डाला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत