1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र पर कांग्रेस का फोकस, 6 प्रमुख समितियों का किया गठिन, चुनाव प्रचार समिति में शामिल हैं 64 नेता

महाराष्ट्र पर कांग्रेस का फोकस, 6 प्रमुख समितियों का किया गठिन, चुनाव प्रचार समिति में शामिल हैं 64 नेता

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 23, 2019 11:30 pm IST,  Updated : Jan 23, 2019 11:30 pm IST

कांग्रेस ने बुधवार रात महाराष्ट्र के लिए समन्वय समिति, चुनाव प्रचार समिति और घोषणा पत्र समिति सहित कुल छह प्रमुख समितियों का गठन किया, जिनमें राज्य से जुड़े पार्टी के तकरीबन सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।

Rahul Gandhi (File Photo)- India TV Hindi
Rahul Gandhi (File Photo) Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस ने बुधवार रात महाराष्ट्र के लिए समन्वय समिति, चुनाव प्रचार समिति और घोषणा पत्र समिति सहित कुल छह प्रमुख समितियों का गठन किया, जिनमें राज्य से जुड़े पार्टी के तकरीबन सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन समितियों के गठन को स्वीकृति प्रदान की।

कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में समन्वय समिति बनाई गई है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण और सुशील कुमार शिंदे सहित कुल 29 सदस्य हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र से संबंधित कांग्रेस के सभी सचिव और राज्य इकाई के सभी अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्ष भी समिति का हिस्सा होंगे। राज्य के लिए प्रदेश चुनाव समिति बनाई गई है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे सहित 31 सदस्य शामिल हैं। कुछ नेताओं को आमंत्रित सदस्य के तौर पर स्थान दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे की अध्यक्षता में 64 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति बनाई गई है। इसमें भी राज्य से संबंधित तकरीबन सभी वरिष्ठ नेता शामिल हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रत्नाकर महाजन के नेतृत्व में प्रचार एवं प्रकाशन समिति बनाई गई है जिसमें कुल 25 लोग शामिल हैं। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी इसके सह-अध्यक्ष हैं। वरिष्ठ पत्रकार और राज्यसभा सदस्य कुमार केतकर की अध्यक्षता में मीडिया एवं संचार समिति बनाई गई है। इसमें 20 सदस्य शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की अगुवाई में 30 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया गया है। इनके अलावा पांच सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम और पांच सदस्यीय उप समिति भी बनाई गई है। बता दें कि राज्य में इस साल लोकसभा चुनाव के अलावा विधानसभा चुनाव भी हैं और ये तैयारी उन्हीं चुनावों को देखते हुए की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत