1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ओडिशा: अमित शाह ने नवीन पटनायक पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया

ओडिशा: अमित शाह ने नवीन पटनायक पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 05, 2018 09:55 pm IST,  Updated : Apr 05, 2018 09:55 pm IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज आरोप लगाया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक‘ अपराधियों को बचा’ रहे हैं, 

Amit shah odisha- India TV Hindi
Amit shah odisha Image Source : PTI

बोलांगीर( ओडिशा): भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज आरोप लगाया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक‘ अपराधियों को बचा’ रहे हैं, जो राज्य में भगवा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या करने में शामिल हैं। भाजपा युवा रैली को यहां संबोधित करते हुए शाह ने यह आरोप लगाए। 

भाजपा प्रमुख कई मौकों पर कह चुके हैं कि ओडिशा उनकी पार्टी के लिए एक फोकस राज्य है। ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल शुरू में चुनाव होना है। पटनायक सन 2000 से सत्ता पर काबिज हैं। शाह ने आरोप लगाया, ‘‘सत्तारूढ़ बीजेडी राजनीतिक हिंसा पर उतारू है। पिछले डेढ़ साल में हमारे 14 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई और उनके हत्यारे खुले में घूम रहे हैं क्योंकि पटनायक उन्हें बचा रहे हैं।’’ 

शाह ने दावा किया कि भाजपा हिंसा में यकीन नहीं करती है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद सभी अपराधियों पर मामला दर्ज किया जाएगा और उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। ओडिशा में भाजपा के मिशन120 पर अपनी खामोशी पर दिए गए एक बीजद नेता के बयान का हवाला देते हुए भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘मैं 120 के आंकड़े का जिक्र नहीं कर रहा हूं क्योंकि भाजपा ज्यादा सीटें जीतेगी और 2019 के चुनाव के बाद सरकार बनाएगी।’’ 

शाह ने पहले अपनी पार्टी के लिए राज्य में 147 में से 120 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया था। बोलंगीर और आसपास के अन्य जिलों के लोगों को रिझाने की कोशिश में, शाह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आती है तो ओडिशा के पश्चिमी क्षेत्र के विकास की ओर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ नवीन पटनायक ने पश्चिमी क्षेत्र के लिए सौतेली मां का रवैया अपनाया है। समूचे राज्य में सिंचाई के तहत आने वाला क्षेत्र 33 प्रतिशत है जो पश्चिमी क्षेत्र में सिर्फ 11 फीसदी है। यह दिखाता है कि नवीन बाबू ने पश्चिमी जिलों से न्याय नहीं किया है।’’

राज्य में भाजपा के 10 विधायक हैं। वर्ष 2014 में हुए चुनावों में उनमें से आठ पश्चिमी क्षेत्र से चुने गए थे। शाह ने कहा, ‘‘ नवीन बाबू पलायन की समस्या पर काबू पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुए हैं क्योंकि कई युवाओं को काम की तलाश में अन्य राज्यों में जाना पड़ता है।’’ किसानों को रिझाने की कोशिश में, शाह ने खाद्यान्न के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) उत्पादन लागत के ढाई गुना तक बढ़ाने की राजग सरकार की हाल की घोषणाओं को रेखांकित किया। 

उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई इस घोषणा से ओडिशा के किसान सबसे ज्यादा लाभान्वित होंगे।’’ भाजपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र सरकार ने चार साल में116 कल्याण योजनाओं को लागू किया है।शाह ने कहा कि पार्टी सुनहरे दौर से गुजर रही है लेकिन भाजपा का स्वर्ण काल ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के बाद ही शुरू होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत